आंध्र प्रदेश के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी गैस लीक, सात मजदूर अस्पताल में भर्ती

Views : 4165  |  3 minutes read
Chhattisgarh-Raigarh-Gas-Leak

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में गुरुवार तड़के हुई गैस रिसाव की घटना के बाद अब छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भी गैस लीक होने का मामला सामने आया है। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा दी गइ जानकारी के अनुसार, एक पेपर मिल में जहरीली गैस के संपर्क में आने से सात मजदूर बीमार पड़ गए। इसके बाद सभी मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन मजदूरों में से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें रायपुर रैफर कर दिया गया है।

पेपर मिल में टंकी की सफाई कर रहे थे मजदूर

रायगढ़ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने गुरुवार को बताया कि जिले के तेतला गांव में स्थित शक्ति पेपर मिल में बुधवार शाम जहरीली गैस की चपेट में आने से 7 मजदूर बीमार हो गए। ये मजदूर एक टंकी की सफाई कर रहे थे कि तभी वे गैस की चपेट में आ गए। पेपर मिल के मालिक ने इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी और मजदूरों को चुपके से अस्पताल में भर्ती करा दिया। हालांकि, इसके बाद जब अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, तब मामला सामने आया।

पुलिस अधिकारी सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन के कारण पिछले काफी दिनों से यह मिल बंद पड़ी थी। लेकिन मिल मालिक इसे चालू करने के लिए मजदूरों से सफाई का कार्य करा रहा था। इसी दौरान यह हादसा घटित हो गया। उन्होंने कहा कि सफाई के दौरान सात मजदूर किसी जहरीली गैस के संपर्क में आ गए और बीमार हो गए। घटना के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। बाद में इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर भेज दिया गया।

आंध्र प्रदेश: प्लांट में जहरीली गैस लीक से इतने लोगों की मौत, आस पास के गांव खाली

पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने मीडिया को बताया कि पेपर मिल में इस घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है, ताकि घटना के कारणों के बारे में पूर्ण जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा। उधर, विशाखापट्टनम में जहरीली गैस के संपर्क में आने में 11 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।

COMMENT