साथ आए राहुल गाँधी और अखिलेश यादव, भारत जोड़ो न्याय यात्रा में एक साथ दिखाई देंगे

Views : 577  |  0 minutes read

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संयोजक पीएल पुनिया समाजवादी पार्टी दफ्तर न्यौता लेकर पहुंचे थे. अब अखिलेश यादव और राहुल गांधी जल्द ही साथ दिखने वाले हैं. 25 फरवरी को आगरा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अखिलेश यादव भी शामिल होंगे.

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “हम आज (22 फरवरी) अखिलेश यादव को भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण देने जा रहे हैं. वे 25 फरवरी को आगरा में जुड़ेंगे. लोकसभा चुनाव 2024 से पहले उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन हुआ है. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी तो वहीं मध्य प्रदेश में सपा एक सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.”

अखिलेश यादव ने कहा था, “हमने कई दौर की चर्चाएं की हैं, कई सूचियों का आदान-प्रदान किया, जब सीटों का बंटवारा हो जाएगा तब समाजवादी पार्टी उनकी यात्रा में भाग लेगी.” भारत जोड़ो न्याय यात्रा 24 फरवरी की सुबह मुरादाबाद से फिर से शुरू होगी और उसके बाद संभल, अलीगढ़, हाथरस और आगरा जिलों को कवर करेगी. रविवार को राजस्थान के धौलपुर में समाप्त होगी.
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी ने सीट शेयरिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात करके दोनों पार्टियों के बीच गतिरोध को सुलझाने में मदद की.

COMMENT