यूपी : कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई नेता हिरासत में, प्रियंका ने सरकार पर साधा निशाना

Views : 3378  |  3 minutes read

यूपी में बसों के प्रवेश को लेकर योगी सरकार व कांग्रेस पार्टी आमने सामने हैं। इस मामले में मंगलवार को आगरा जिले में राजस्थान सीमा पर भेजी गई कांग्रेस की बसों को यूपी में प्रवेश कराने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

कांग्रेस नेताओं व पुलिस में इसलिए हुई नोकझोंक

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कई कांग्रेस नेता मंगलवार को प्रियंका गांधी द्वारा प्रवासी श्रमिकों के लिए जुटाई गईं 1 हजार बसों को उत्तर प्रदेश-राजस्थान बॉर्डर से नोएडा व गाजियाबाद की तरफ ला रहे थे। इस दौरान यूपी पुलिस ने कांग्रेस नेताओं से अनुमति पत्र व पास मांगा जिसके बाद कांग्रेसियों व पुलिस मे नोंकझोंक हुई और बाद में पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कई कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।

Read More: EMI चुकाने से मिल सकती है राहत, 3 महीने के लिए और बढ़ सकता है मोराटोरियम

प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर साधा निशाना, दिया यह बयान

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने बसों की एंट्री नहीं देने के मामले में योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा है कि यूपी सरकार ने हद कर दी है और कहा है कि ” मुख्यमंत्री इन बसों पर आप चाहें तो भाजपा का बैनर लगा दीजिए या अपने पोस्टर लगा दें मगर हमारे सेवा भाव को मत ठुकराइएं क्योंकि इस राजनीतिक खिलवाड़ में 3 दिन व्यर्थ हो चुके हैं और इन्हीं तीन दिनों में हमारे देशवासी सड़कों पर चलते हुए दम तोड़ रहे हैं।”

प्रियंका गांधी के निजी सचिव व कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर

दूसरी तरफ यूपी व राजस्थान सीमा पर आगरा में बसों के प्रवेश को लेकर हुए हंगामे व विवाद के बाद यूपी पुलिस ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह व यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रियंका के निजी सचिव संदीप सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर में यूपी सरकार को बसों की सूची भेजने के मामले में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है।

 

COMMENT