गलवान घाटी में चीन के साथ झड़प में तीन भारतीय जवान शहीद, चीनी सेना के 5 जवान मार गिराए और 11 घायल

Views : 5378  |  3 minutes read
India-China-Galwan-Velly-

वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी पर गलवान घाटी में सोमवार देर रात भारत और चीन की सेना के बीच हिंसक झड़प में भारतीय सेना का एक अधिकारी और दो जवान शहीद हो गए। भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा है कि हिंसक झड़प में दोनों पक्षों को नुकसान हुआ है। वहीं, चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने दावा किया है कि दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में उसके पांच सैनिक मारे गए हैं, जबकि 11 सैनिक घायल हुए हैं।

चीन का दावा, भारतीय सैनिकों ने दो बार सीमा पार की

इस घटना को लेकर चीन ने अनर्गल आरोपों का दौर भी शुरू कर दिया है। उसने भारतीय सैनिकों पर घुसपैठ का आरोप लगाते हुए कहा है कि भारतीय सैनिक उसके क्षेत्र में अवैध रूप से दाखिल हुए। एक खबर के मुताबिक, बीजिंग ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भारतीय सैनिकों ने सीमा पार करके चीनी सैनिकों पर हमला किया। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने आरोप लगाया कि भारतीय सैनिकों ने दो बार सीमा पार की और अवैध रूप से चीन के अधिकार क्षेत्र में दाखिल हुए और रोकने पर चीनी सैनिकों पर हमला किया। इस दौरान दोनों पक्षों के जवानों के बीच झड़प हुई। चीनी मंत्री ने कहा, इसका असर तनाव कम करने के लिए चल रही वार्ता पर पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी स्थिति को सामान्य करने के लिए बैठक कर रहे हैं। सेना के सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि भारत और चीन के मेजर जनरल मौजूदा स्थिति पर बातचीत कर रहे हैं।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे लेकर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक की है।

भारतीय सुरक्षाबलों ने शोपियां में फिर मार गिराए तीन आतंकी, इस साल अबतक इतने ढेर किए

आपको जानकारी के लिए बता दें, जनरल एमएम नरवणे ने आज अपना पठानकोट सैन्य स्टेशन का दौरा भी रद्द कर दिया है। आपको बता दें, भारत और चीन के बीच करीब एक महीने से सीमा विवाद जारी है और इसे बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से लगातार बातचीत जारी थी और संयम भरे बयान भी सामने आ रहे थे। लेकिन इसी बीच देर रात ये बड़ी घटना सामने आई है।

COMMENT