असम से सर्बानंद सोनोवाल और बंगाल से टीएमसी की सुष्मिता देव राज्यसभा के लिए चुने गए निर्विरोध

Views : 1253  |  3 minutes read
Sonowal-and-Sushmita-Dev

देश के तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, असम और महाराष्ट्र से एक-एक सदस्य निर्विरोध रूप से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस की नेता सुष्मिता देव राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गई हैं। वहीं, असम से पूर्व मुख्यमंत्री, भाजपा नेता व वर्तमान में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल निर्विरोध रूप से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। उधर, महाराष्ट्र में भाजपा प्रत्याशी द्वारा अपना नामांकन वापस लिए जाने के बाद कांग्रेस की रजनी पाटिल के लिए राज्यसभा जाने का रास्ता साफ हो गया है। रजनी भी निर्विरोध रूप से राज्यसभा पहुंचेगी।

कांग्रेस के आग्रह पर भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन वापस लिया

राज्यसभा सांसद राजीव सातव की मौत से खाली हुई महाराष्ट्र की एक सीट के लिए होने जा रहे चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजय उपाध्याय ने सोमवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। भाजपा प्रत्याशी उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले तथा कांग्रेस नेता बालासाहब थोरात ने पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया था कि ऐसे प्रसंगों में राज्य में निर्विरोध निर्वाचन की परंपरा रही है, इसलिए भाजपा प्रत्याशी नाम वापस ले ले।

महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पटोले व थोरात ने भाजपा नेता व पूर्व सीएम फडणवीस से कहा था कि महाराष्ट्र में ये परंपरा रही है कि अगर किसी सदस्य की मौत से राज्यसभा सीट खाली होती है तो उस पर निर्विरोध चुनाव होता है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि महाराष्ट्र में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सांसद राजीव सातव की मौत के बाद राज्य सभा की एक सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। कांग्रेस नेताओं के आग्रह के बाद भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई और 27 सितंबर को नाम वापसी के अंतिम दिन पार्टी के प्रत्याशी संजय उपाध्याय ने अपना नाम वापस ले लिया।

Read Also: देश के 21 डूबे हुए बैंकों के ग्राहकों को इतने दिनों में वापस मिलेंगे पैसे

COMMENT