दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला एथलीट बनी नाओमी ओसाका

Views : 3445  |  3 minutes read
Naomi-Osaka-Tennis

टेनिस की दुनिया की उभरती हुई स्टार नाओमी ओसाका ने बहुत कम समय में ही अपने खेल से अलग पहचान बना ली है। जापान की यह टेनिस स्टार अब दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला एथलीट बन गई हैं। उन्होंने पिछले साल 37.4 मिलियन डॉलर यानी करीब 284 करोड़ रुपए की कमाई की थी। प्रतिष्ठित फोर्ब्स मैगजीन ने शुक्रवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला एथलीटों की एक लिस्ट जारी की। ओसाका ने लगातार चार साल से इस लिस्ट की टॉपर रही अमेरिका की दिग्गज सेरेना विलियम्स को पीछे छोड़ दिया।

रूस की मारिया शारापोवा का तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

नाओमी ओसाका ने सेरेना विलियम्स से करीब 11 करोड़ रुपए की ज्यादा कमाई की हैं। हालांकि, इन दोनों ने कमाई के मामले में पूर्व खिलाड़ी व टेनिस सुंदरी कही जाने वाली रूस की मारिया शारापोवा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। शारापोवा ने वर्ष 2015 में सबसे ज्यादा 29.7 मिलियन डॉलर यानी करीब 226 करोड़ रुपए की कमाई की थी। ओसाका ने लगातार दो ग्रैंड स्लैम जीते हैं। उन्होंने साल 2018 में यूएस ओपन और 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता था। वहीं, सेरेना विलियम्स ने 23 ग्रैंड स्लैम अपने नाम किए हैं। आपको जानकारी के लिए बता दें कि नाओमी ओसाका अगले साल टोक्यो ओलिंपिक में जापान का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Read More: टोक्यो में होने वाले ओलंपिक के लिए 2021 आखिरी विकल्प होगा: आईओसी प्रमुख बाक

ओसाका ओवरऑल लिस्ट में 29वें नंबर पर

एक दिलचस्प बात ये है कि टेनिस जगत में जापान का प्रति​निधित्व करने वाली युवा खिलाड़ी नाओमी ओसाका के पिता कैरेबियन देश हैती के निवासी थे, जबकि उनकी मां जापान की रहने वाली थीं। ओसाका दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई वाले सभी एथलीट्स की लिस्ट में 29वें नंबर पर हैं। वहीं, सेरेना विलियम्स इस सूची में 33वें नंबर पर हैं। नाओमी ओसाका ने बहुत कम उम्र में अपनी अलग पहचान और बड़ी प्रॉपर्टी बनाई है।

COMMENT