आईओसी ने पेरिस ओलंपिक में ब्रेकडांस समेत 4 खेलों को किया शामिल

Views : 2801  |  3 minutes read
4-New-Games-in-Olympics

ब्रेकडांस के प्रति जुनून रखने वाले युवाओं के लिए एक बड़ी खुशख़बरी है। दरअसल, ब्रेकडांस अब आधिकारिक तौर पर ओलंपिक खेल हो गया है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति यानि आईओसी ने पेरिस में वर्ष 2024 में होने वाले ओलंपिक गेम्स में ब्रेकडांस समेत 4 खेलों को शामिल कर लिया है। आईओसी ने युवा दर्शकों को लुभाने के लिए ब्रेकडांस को शामिल करने का फैसला किया है। इसके अलावा स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फिंग को भी इन खेलों में शामिल किया गया है। इन तीन खेलों को साल 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक में शामिल किया जाना था, जो कोरोना वायरस महामारी के कारण एक साल के लिए स्थगित कर दिए गए हैं।

आईओसी ने 2024 ​ओलंपिक में खिलाड़ियों का कोटा घटाया

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने पेरिस खेलों में पदक स्पर्धाओं की संख्या टोक्यो की तुलना में 10 कम कर दी है। अब वहां 339 की बजाय 329 पदक स्पर्धाएं होंगी। इसमें भारोत्तोलन की 4 श्रेणियां कम कर दी गई हैं। इसके साथ ही साल 2024 में खिलाड़ियों का कोटा 10500 होगा, जो टोक्यो ओलंपिक से 600 कम है। प्रशासनिक अनियमितताओं को झेल रहे मुक्केबाजी और भारोत्तोलन से सबसे ज्यादा कटौती की गई है। पेरिस खेलों में भारोत्तोलन में 120 खिलाड़ी होंगे, जो रियो डि जिनेरियो की तुलना में आधे से भी कम है।

ब्रेकडास को ओलंपिक में ब्रेकिंग के नाम से जाना जाएगा

आईओसी ने यह भी कहा कि ओलंपिक में उसका दीर्घकालिन लक्ष्य पुरुष और महिला खिलाड़ियों की समान भागीदारी है। ब्रेकडास ओलंपिक में ब्रेकिंग के नाम से जाना जाएगा। जैसा कि इसे सत्तर के दशक में अमेरिका में कहा जाता था। आपको बता दें कि पेरिस आयोजकों ने दो साल पहले ब्यूनस आयर्स में युवा खेलों में सफल ट्रायल के बाद इसे शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। आईओसी बोर्ड ने बाद में इसे मंजूरी दे दी। सर्फिंग का आयोजन 15,000 किलोमीटर दूर प्रशांत महासागर में ताहिती के तटों पर होगा।

एटीपी फाइनल्स: डेनियल मेदवेदेव ने डॉमिनिक थीम को हराकर रचा इतिहास

COMMENT