टोक्यो ओलंपिक के लिए 2021 आखिरी विकल्प होगा: आईओसी प्रमुख बाक

Views : 2385  |  3 minutes read
Tokyo-Olympics-2020

कोरोना वायरस महामारी के कारण टोक्यो में होने वाले खेलों के महाकुंभ ओलंपिक के आयोजन पर अभी तक भी संशय बना हुआ है। हालांकि, इन खेलों के आयोजन को एक साल आगे बढ़ा दिया गया है। लेकिन टोक्यो ओलंपिक पर कोरोना संकट अभी तक मं​डरा रहा है। हालांकि, गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति यानी आईओसी के प्रमुख थामस बाक ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक को बार-बार स्थगित नहीं किया जा सकता है और इन खेलों के लिए वर्ष 2021 आखिरी विकल्प होगा।

कोरोना पर नियंत्रण नहीं पाया तो रद्द करने होंगे गेम्स

आईओसी प्रमुख थामस बाक ने अगले साल टोक्यो ओलंपिक आयोजन पर कहा कि वह जापान की इस बात से सहमत हैं कि अगर अगले साल तक कोरोना वायरस महामारी पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका तो खेलों को रद्द करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं जापान की स्थिति समझता हूं, क्योंकि आप आयोजन समिति में तीन से पांच हजार लोगों को लगातार लंबे समय तक नियुक्ति पर नहीं रख सकते।’

Read More: इस वजह से अगले साल रद्द हो सकता है टोक्यो ओलंपिक

उन्होंने आगे कहा, ‘आप हर साल पूरी दुनिया का खेल कैलेंडर नहीं बदल सकते और खिलाड़ियों को अनिश्चितता की स्थिति में भी नहीं रख सकते।’ आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जापान में टोक्यो ओलंपिक का आयोजन इसी साल 24 जुलाई से होना था, लेकिन दुनियाभर में कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए खेलों के इस महाकुंभ को अगले एक साल यानी 23 जुलाई 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

COMMENT