मणिपुर में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले पांच विधायकों ने ज्वॉइन की भाजपा

Views : 2646  |  3 minutes read
5-MLA-Join-BJP-In-Manipur

हाल में कांग्रेस राजस्थान में सियासी संकट में जूझती नज़र आई थी। इसके बाद अब मणिपुर में कांग्रेस के लिए सियासी संकट गहराता दिख रहा है। कांग्रेस के पांच पूर्व विधायकों ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा का दामन थाम लिया है। इन विधायकों ने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। भाजपा में शामिल हुए विधायकों में कांग्रेस विधायक दल के नेता ओकराम इबोबी सिंह के भतीजे ओकराम हेनरी सिंह भी शामिल हैं।

विधायकों ने 11 अगस्त को छोड़ दी थी कांग्रेस पार्टी

जानकारी के अनुसार, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा की उपस्थिति में पूर्व कांग्रेस विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह हाल ही में कांग्रेस के एक विधायक और छह पूर्व विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के साथ रवाना हुए छह पूर्व विधायक वे एमएलए हैं, जिन्होंने 10 अगस्त, 2020 को मणिपुर विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था और 11 अगस्त को कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी।

Read More: भारत ने पाक सीमा के साथ पश्चिमी मोर्चे पर तैनात किए स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस

आपको जानकारी के लिए बता दें कि ये सभी उन विधायकों में शामिल हैं, जो पिछले सप्ताह कांग्रेस के व्हिप का उल्लंघन करते हुए विधानसभा के एक दिवसीय सत्र से दूर रहे थे, जिसके बाद सत्ताधारी भाजपा की एन बीरेन सिंह सरकार ने विश्वास मत जीत लिया था। दिल्ली पहुंचने के बाद सीएम बीरेन सिंह ने कहा था, ‘उन्होंने (यानी 6 विधायकों ने) कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। इसलिए मैं उन्हें यहां ले आया।’

COMMENT