इंडोनेशिया: टेक आॅफ के 13 मिनट बाद ही गायब हुआ लॉयन एयर का प्लेन जावा समुद्र में क्रैश

Views : 4471  |  0 minutes read

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से आज लॉयन एयर का प्लेन उड़ान भरने के 13 मिनट बाद ही अचानक गायब हो गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूटने के बाद प्लेन जावा समुद्र में जाकर क्रैश हो गया। बताया गया है कि फ्लाइट में 189 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार इंडोनेशिया के जकार्ता से लॉयन एयरलाइंस की फ्लाइट जेटी—610 बोइंग 737 मैक्स 8 मॉडल  के इस विमान  ने आइसलैंड सुमात्रा के पंगकल पिनंग नामक शहर के लिए उड़ान भरी थी, जिसका संपर्क महज 13 मिनट के अंदर ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। आखिरी बार इस प्लेन से संपर्क सुबह 6:33 पर हुआ था। थोड़ी ही देर बाद प्लेन के जावा समुद्र में क्रैश हो जाने की खबर मिली। इस फ्लाइट में 178 पैसेंजर्स और दो पायलट समेत 7 कैबिन क्रू मैंबर्स सवार थे।

 

समाचार एजेंसियों के मुताबिक प्लेन जावा समुद्र में क्रैश होने के बाद 30 से 40 मीटर नीचे पानी में डूब गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए जहाजों को रवाना कर दिया गया है वहीं कुछ बचावकर्मियों को दुर्घटना स्थल से यात्रियों के सामान समेत प्लेन के अवशेष भी मिले हैं। अभी तक किसी यात्री की मौत की पुष्टि नहीं हो पाई है और खोजी दल यात्रियों की खोज में लगा हुआ है।

खबर मिलते ही जकार्ता एयरपोर्ट पर भारी संख्या में यात्रियों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई और बिलखते परिजन अपनों की सलामती की दुआ करते नजर आए।

दो महीने ही पुराना था विमान:

बताया गया है कि ये विमान दो महीने पुराना ही था और अगस्त से ही इसे आधिकारिक तौर पर उड़ान भरने की अनुमति मिली थी। बताया ये भी गया है कि विमान में दो तीन दिन पहले कोई तकनीकी खामी भी आई थी जिसे बाद में दुरूस्त कर लिया गया था। फिलहाल प्लेन के क्रैश होने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है मगर खोजी दल को प्लेन का क्षतिग्रस्त इंजन प्राप्त हो गया है।

COMMENT