निशानेबाजी में अभिषेक वर्मा ने लगाया सोने पर निशाना, दो स्वर्ण पदक के साथ भारत पहले स्थान पर काबिज

Views : 3866  |  0 minutes read
chaltapurza.com

ब्राजील के रियो डी जनेरियो में चल रहे आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप में एशियाई खेलों के पदक विजेता अभिषेक वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता जबकि सौरभ चौधरी ने भी ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत का दबदबा कायम रखा।

वहीं इस शूटिंग स्पर्धा में संजीव राजपूत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल (3 पोजिशन) में दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता और अगले साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के लिए उन्होंने क्वालिफाई कर लिया।

संजीव बने ओलम्पिक कोटा हासिल के करने वाले भारत के 8वें शूटर

इसी के साथ संजीव ओलम्पिक कोटा हासिल करने वाले भारत के आठवें निशानेबाज बन गए हैं। उनसे पहले अंजुम मौद्गिल, अपूर्वी चंदेला, सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा, दिव्यांश सिंह, राही सरनोबत और मनु भाकर ओलम्पिक कोटा हासिल कर चुके हैं।

अब तक के शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारत अंक तालिका में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर पहले स्थान पर काबिज है। इस टूर्नामेंट के पहले दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत की युवा शूटर एलावेनिल वलारिवान ने स्वर्ण पदक पर निशाना साधा था।

सर्वोच्च स्कारे रहे अभिषेक

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत के अभिषेक ने 244.2 अंक प्राप्त किए। वहीं भारत के ही सौरभ को 221.9 अंक प्राप्त हुए और वह तीसरे स्थान पर रहा। तुर्की के इस्माइल केलेस को रजत पदक मिला, जिन्होंने 234.1 अंक का स्कोर बनाया। अभिषेक और सौरभ क्वालिफाइंग इवेंट में ही ओलम्पिक कोटा हासिल कर चुके थे।

यह भी पढ़ें- इलावेनिल वलारिवन बनी विश्व कप निशानेबाजी में स्वर्ण जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला निशानेबाज

संजीव 0.2 अंक से स्वर्ण जीतने से चूके

30 वर्षीय भारतीय निशानेबाज संजीव पुरुषों की 50 मीटर राइफल (3 पोजिशन) में 0.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए। उन्होंने 462.0 अंक हासिल किए। वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी क्रोएशिया के पीटर गोर्सा ने 462.2 अंक हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने इस जीत के साथ ओलिंपिक कोटा भी हासिल कर लिया। चीन के झांग चान्गहोन्ग को कांस्य पदक मिला।

COMMENT