बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर निशिकांत कामत का 50 साल की उम्र में निधन

Views : 4973  |  3 minutes read
Nishikant-Kamat-Death

बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक व अभिनेता निशिकांत कामत ने 50 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। जानकारी के अनुसार, कामत को यकृत संबंधी बीमारी थी, जिसके बाद उन्हें 31 जुलाई को हैदराबाद स्थित गाचीबाउली के एआईजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निशिकांत की मौत की पुष्टि अस्पताल ने की है। एआईजी अस्पताल की ओर से एक बयान जारी किया गया जिसमें कहा, ‘फिल्म डायरेक्टर निशिकांत कामत का आज 16:24 बजे निधन हो गया। वह पिछले दो वर्षों से लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे।’

बीते कुछ समय से काफी गंभीर बनी हुई थी हालत

आपको जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले अस्पताल ने 12 अगस्त को एक बयान में कहा था, ‘निशिकांत कामत को पीलिया और पेट संबंधी शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें यकृत संबंधी बीमारी होने की पुष्टि हुई।’ अस्पताल ने कहा था कि उनकी हालत ‘गंभीर लेकिन स्थिर’ है। निशिकांत की हालत बीते कुछ समय से काफी गंभीर बनी हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

बतौर डायरेक्टर मराठी फिल्म से की थी कॅरियर की शुरुआत

फिल्म डायरेक्टर निशिकांत कामत ने निर्देशक के तौर पर लंबे समय तक काम किया। उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में ​एक्टिंग भी की। कामत ने बतौर डायरेक्टर अपने कॅरियर की शुरुआत साल 2005 में मराठी फिल्म ‘डोंबिवली फास्ट’ से की थी। उनकी पहली ही फिल्म को काफी सराहना मिली थी। फिल्म डोंबिवली फास्ट मराठी सिनेमा की हिट फिल्म साबित हुई। इसके बाद उन्होंने कई मराठी और बॉलीवुड फिल्मों का निर्देशन किया था। निशिकांत के निधन पर कई फिल्मी ​हस्तियों ने शोक जताया है।

Read More: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ट्विटर पर इस वजह से किए जा रहे ट्रोल

आपको बता दें कि निशिकांत कामत ने अपने फिल्मी कॅरियर में ‘दृश्यम’, ‘मदारी’, ‘मुंबई मेरी जान’ और ‘डैडी’ सहित बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों का निर्देशन किया। निशिकांत एक निर्देशक होने के अलावा शानदार कलाकार भी थे। उन्होंने जॉन अब्राहम स्टारर फिल्म ‘रॉकी हैंडसम’ में निगेटिव किरदार करके सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा निशिकांत कामत ने फिल्म ‘डैडी’, ‘जुली-2’ और ‘भावेश जोशी’ में भी अभिनय किया था।

COMMENT