26 जनवरी को लाल किले पर उपद्रव करने वाले आरोपियों पर दिल्ली पुलिस ने घोषित किया इनाम

Views : 3202  |  3 minutes read
Red-Fort-Nuisance

राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा के आरोपी पंजाबी कलाकार दीप सिद्धू समेत कई आरोपियों पर दिल्ली पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह की गिरफ्तारी की सूचना देने वाले को 1 लाख रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, इस हिंसा में कथित संलिप्तता के लिए जाजबीर सिंह, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह और इकबाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 50,000 रुपए देने की घोषणा की गई है।

दिल्ली पुलिस ने अब तक 38 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार

गणतंत्र दिवस के अवसर पर लाल किले पर हुई हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक पंजाबी फिल्म अभिनेता दीप सिद्धू के बिहार में छिपे होने की सूचना मिली है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन बिहार में मिली है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क भी किया है। दिल्ली पुलिस की एक टीम बिहार रवाना कर दी गई है। 26 जनवरी की हिंसा के मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस ने 38 उपद्रवियों की गिरफ्तारी कर ली है। इस मामले में कुल 44 मुकदमे भी दर्ज किए जा चुके हैं।

लाल किले हिंसा मामले के आरोपी पंजाबी फिल्मों के अभिनेता दीप सिद्धू पर दिल्ली पुलिस ने देशद्रोह और गैरकानूनी गतिविधियों के गंभीर आरोप लगाए हैं। राजधानी दिल्ली में हुई घटना के बाद से ही वह भूमिगत हो गया है। बता दें, हाल में दीप सिद्धू ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई भी पेश की थी, जिसमें उसने भावुक होकर बिहारी प्रवासियों को पंजाबियों की तुलना में बेहतर बताया था।

ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा में 22 एफआईआर दर्ज, 40 किसान नेताओं के नाम भी शामिल

COMMENT