गुजरात में सीआर पाटिल और लद्दाख में जामयांग सेरिंग नामग्याल को मिली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कमान

Views : 4697  |  3 minutes read
BJP-New-State-Presidents

भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा ने गुजरात और लद्दाख के लिए अपने नए प्रदेश अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नवसारी से लोकसभा सांसद सीआर पाटिल को गुजरात का नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, लद्दाख से पहली बार चुनकर आए सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल को लद्दाख का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नामग्याल को खुद के लद्दाख भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने का पता अपने फोन पर चला, उस दौरान वह एक मीटिंग में थे।

लोकसभा चुनाव में पाटिल ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी

आपको जानकारी के लिए बता दें कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में गुजरात के नवसारी संसदीय क्षेत्र से सीआर पाटिल ने 6,89,668 वोट के अंतर से बड़ी जीत हासिल की थी। इसके बाद अब गुजरात में जीतूभाई वाघाणी के स्थान पर सीआर पाटिल को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।उल्लेखनीय ​है कि भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में दिल्ली और हिमाचल प्रदेश सहित कई प्रदेशों में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के इस्तीफे के बाद धीरे-धीरे संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Read More: दुखी हूं, लेकिन आधारहीन और संगीन आरोपों से आश्चर्यचकित नहीं हूं: सचिन पायलट

लोकसभा में भाषण देकर चर्चा में आए थे सांसद नामग्याल

भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर युवा नेताओं में से एक जामयांग सेरिंग नामग्याल लगातार चर्चा में रहते हैं। वह जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के दौरान लोकसभा में अपने भाषण को लेकर अचानक सुर्खियों में छा गए थे। लद्दाख के सांसद नामग्याल ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के प्रस्ताव पर संसद में चली चर्चा में जोरदार भाषण दिया था। जामयांग सेरिंग नामग्याल ने कहा कि एक केंद्र शासित प्रदेश के तौर पर लद्दाख का न केवल बेहतर विकास होगा, बल्कि हमें एक अलग पहचान भी मिलेगी। जम्मू और कश्मीर के साथ हमारी कोई समानता नहीं है, हमारी पहचान काफी अलग है।

COMMENT