कौन थे सर जॉन टेनियल जिन्हें गूगल ने डूडल बनाकर याद किया है? जानिए..

Views : 7588  |  3 minutes read
Sir-John-Tenniel

इंटरनेट सर्च इंजन गूगल ने आज 28 फ़रवरी को सर जॉन टेनियल को उनकी 200वीं बर्थ एनिवर्सरी पर उनका गूगल डूडल बनाकर याद किया है। सर जॉन टेनियल आज ही के दिन यानि 28 फ़रवरी, 1820 को ब्रिटेन के लंदन में जन्मे थे। उनका जन्म हुगेनोट वंश के एक तलवारबाज जॉन बुपटिस्ट टेनियल के घर में हुआ था। उनके पिता बुपटिस्ट टेनियल डांस मास्टर भी थे। सर जॉन को राजनीतिक विषयों पर बनाए उनके प्रभावी कार्टूनों के लिए याद किया जाता है। उन्हें पेंटिंग्स और व्यंग्य कला में महारथ हासिल थी।

Sir-John-Tenniel-

‘नाइट’ की उपाधी से किए गए सम्मानित

सर जॉन टेनियल बचपन से ही प्रतिभाशाली रहे थे। उन्होंने रॉयल एकेडमी स्कूलों में पढ़ाई की। सोसाइटी ऑफ़ ब्रिटिश आर्टिस्ट्स में उनकी एक पेंटिंग को शामिल किया गया। यह एक ऑयल पेंटिंग थी, जिसे सर जॉन ने 16 साल की उम्र में बनाया था। कहा जाता है कि यह उनकी पहली तस्वीर थी और इस तस्वीर की खूब तारीफ़ हुईं। टेनियल की कला के क्षेत्र में उत्कृष्टता को देखते हुए वर्ष 1893 में उन्हें ‘नाइट’ की उपाधी से सम्मानित किया गया।

आंख खोने के बाद भी जारी रखीं पेंटिंग

सर जॉन टेनियल के साथ 20 वर्ष की आयु में एक दुर्घटना घटी, जिसमें उनकी एक आंख चली गई। युवा अवस्था में एक आंख गंवाने के बाद भी उन्होंने चित्रकारी का काम जारी रखा। इसके बाद उन्होंने वेस्टमिंस्टर के नए पैलेस के दीवारों की सजावट को लेकर आयोजित की गई एक डिजाइन प्रतियोगिता के लिए 16 फुट का कार्टून बनाया। इस कार्टून की सियासी गलियारे में जमकर चर्चा हुई। इसके लिए टेनियल को 100 यूरो राशि बतौर सम्मान मिली थी।

Read More: विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने टेनिस को कहा अलविदा

बता दें, टेनियल द्वारा बनाए गए कार्टून लोगों को खूब पसंद आया करते थे। उन्होंने पंच मैगजीन के मुख्य राजनीतिक कार्टूनिस्ट के पद पर भी काम किया था। जॉन टेनियल ने राइटर लुईस कैरोल की किताब ‘एलिस एडवेंचर्स इन वंडरलैंड’ के लिए भी सैंकड़ों कार्टून बनाए थे। इन कार्टूनों की अभी तक चर्चा होती है। टेनियल का निधन 25 फ़रवरी 1914 को यूके के लंदन में 94 वर्ष की आयु में हुआ था। सर जॉन टेनियल के दुनिया को अलविदा कह देने के 100 साल बाद भी लोग उनके कार्टूनों को भूले नहीं हैं।

 

COMMENT