‘मिस इंडिया’ 2019 का ख़िताब जीतने वाली राजस्थान की सुमन राव के सफ़र की क्या है कहानी?

Views : 6288  |  0 minutes read
chaltapurza.com

राजस्थान के राजसमंद जिले के एक छोटे से गांव का नाम अचानक सुर्खियों में छा गया। देशभर में मीडिया की सुर्खियों में छाए इस गांव का नाम आईडाणा (एडना) है। दरअसल, इस गांव को पहचान दिलाने में यहां की सुमन राव की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुमन राव वही लड़की है जिसने एक दिन पहले ‘मिस इंडिया-2019’ का ख़िताब जीता है। मिस इंडिया जैसे नामी ब्यूटी पेजेंट की विनर बनने वाली सुमन के दादा-दादी अपनी पोती की सफलता पर खुश हैं। उनके दादा-दादी का कहना है कि सुमन ने साबित कर दिया कि बेटी-बेटा के बीच अंतर नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह बताया कि वह हमेशा से कहती आई हैं कि दोनों बराबर होते हैं। जितना मौका बेटे को देते हैं, उतने ही मौके बेटियों को दिए जाएं तो वह इसे साबित कर दिखाती है।

chaltapurza.com

मुंबई में परिवार के साथ रहती है सुमन

सुमन राव मुंबई में पिता रतन सिंह राव और मां सुशीला राव के साथ रहती है, जबकि उसके दादा तेजसिंह, दादी मानकंवर, चाचा विजयसिंह, जितेन्द्रसिंह, चिरागसिंह और चाची मंजू कंवर राजसमंद जिले में आमेट तहसील के गांव आईडाणा में रहते हैं। एक हजार से कम आबादी वाले इस गांव की बिटिया आगे चलकर मिस इंडिया बनेगी किसी ने नहीं सोचा था। दादा तेजसिंह ने बताया कि इसी साल दो महीने पहले अप्रैल में सुमन माता-पिता के साथ गांव आई थी। तब उसने यहां आमेट के तुलसी विद्यापीठ के बच्चों को संबोधित किया था। उसमें सुमन ने कहा था कि लड़का-लड़की एक समान हैं, बस दोनों को बराबर मौका देना चाहिए।

chaltapurza.com

बीस साल पहले सुमन का परिवार पहुंचा था मुंबई

मिस इंडिया सुमन राव के चाचा विजयसिंह ने बताया कि सुमन के पिता लगभग 29 साल पहले अकेले ही मुंबई गए थे और वहां उन्होंने अकेले ही अपना कारोबार शुरू किया। इसके बाद 1999 में वह अपने साथ परिवार को भी साथ ले गए। तब सुमन महज एक वर्ष एक माह की थी। उसने अपनी शिक्षा मुंबई से पूरी की। सुमन अब कभी-कभार ही परिवार के साथ गांव आती है।

chaltapurza.com
बचपन से डांस और मॉडलिंग की शौकीन

फिलहाल सीए की पढ़ाई कर रही सुमन राव पर उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव को भी गर्व महसूस हो रहा है। उनके बारे में परिवार के लोगों का कहना है कि सुमन बचपन से ही डांस और मॉडलिंग की शौकीन थी। जब भी वह यहां आती थी तो कथक कर दादा-दादी को खुश करती थी।

Read: IA सिस्टम आवाज सुनकर बता देगा आपको भविष्य में मानसिक रोग होगा या नहीं!

उन्होंने बताया कि राजपूत समाज में परंपरा के अनुसार पहले बच्चे का जन्म पीहर में होता है, इसलिए सुमन का जन्म उदयपुर जिले के मावली तहसील के खाम की मादड़ी में हुआ था। सुमन राव के मिस इंडिया बनने की ख़बर मिलते ही उनके गांव स्थित घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।

COMMENT