टीवी एक्टर कुशल पंजाबी ने सुसाइड नोट में लिखी ये बात

Views : 5600  |  0 minutes read

छोटे पर्दे पर फेमस एक्टर कुशल पंजाबी की 37 साल की उम्र में निधन होने की खबर सुनकर हर कोई हैरान रह गया। कुशल की मौत किसी बीमारी से नहीं हुई, बल्कि फांसी लगाकर उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उनका शव बांद्रा स्थित घर में फांसी पर लटका हुआ मिला।

पुलिस ने मौके से कुशल का डेढ़ पेज में अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट बरामद कर लिया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। उनकी सम्पत्ति का 50 फीसदी उनके पैरेंट्स और बहन को बाकी 50 फीसदी को तीन वर्षीय बेटे कियान में बांटने के बारे में लिखा है।

खबरों के अनुसार, कुशल का वैवाहिक जीवन ठीक से नहीं चल रहा था। उन्होंने वर्ष 2015 में एक यूरोपीय युवती एड्रे डल्हेन से गोवा में शादी की थी। उनके एक बेटा कियान है।

पुलिस ने दर्ज किया सुसाइड केस

पुलिस ने कुशल की मौत पर सुसाइड केस माना है। उनके परिवार के सदस्य गुरुवार दोपहर से कुशल से संपर्क करने का कोशिश कर रहे थे। लेकिन कुशल का फोन नहीं मिल रहा था। उन्होंने रात तक इंतजार किया, जब कुशल की तरफ से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला, तो वे रात 10.30 बजे कुशल की बिल्डिंग में पहुंचे। पैरेंट्स दरवाजा तोड़कर कुशल के घर के अंदर गए। उन्हें कुशल का शव पंखे से लटक मिला। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने सुसाइड का केस दर्ज कर लिया है।

इन टीवी सीरियल्स में किया रोल

एक्टर कुशल ने कई टीवी सीरियल्स में शानदार अभिनय किया है। जिनमें इश्क में मरजावां, देखो मगर प्यार से, कभी हां कभी ना, सीआईडी प्रमुख हैं। फरवरी, 2011 में वह ‘जोर का झटका’ टीवी प्रोग्राम के विजेता बने थे। टीवी के अलावा उसने सलमान खान, ऋतिक रोशन, शाहरुख खान जैसे बॉलीवुड स्टार्स के साथ भी काम किया। सलमान के साथ ‘सलाम-ए-इश्क’ और ऋतिक रोशन के साथ ‘लक्ष्य’ में बतौर को-स्टार काम किया था। कुशल, शाहरुख खान की फिल्म ‘काल’ में भी नजर आए थे।

कुशल के निधन की जानकारी उनके दोस्त और टीवी एक्टर करणवीर बोहरा ने सोशल मीडिया पर दी थी। करण ने कुशल के फोटोज़ शेयर करते हुए एक पोस्ट लिखा जिसमें उन्होंने लिखा, ‘तुम्हारे निधन की खबर ने मुझे झकझोंर कर रख दिया है। मुझे पता है कि आप एक खुशहाल जगह पर हैं, लेकिन मैं इस पर यकीन नहीं कर पा रहा हूं। जिस तरह तुम जिंदगी जीते थे उसने मुझे बहुत इंस्पायर किया है, लेकिन मैं तुम्हें हमेशा एक डांसिंग डैडी की तरह याद करूंगा’।

COMMENT