टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति ने मिकाको कोटानी को चुना नया खेल निदेशक

Views : 2723  |  3 minutes read
Mikako-Kotani-Sport-Director

कोरोना वायरस महामारी ने खेलों के महाकुंभ यानि ओलंपिक के आयोजन को एक साल आगे बढ़ाने के लिए मजबूर कर दिया था। कोरोना की वजह से दुनियाभर के खिलाड़ियों की तैयारियां प्रभावित हुई है। जापान के टोक्यो शहर में अगले साल होने वाले ओलंपिक गेम्स के लिए अब आयोजन समिति एक बार फिर सक्रिय होती नज़र आ रही है। टोक्यो ओलंपिक-2020 की आयोजन समिति ने मिकाको कोटानी को अपना नया खेल निदेशक चुना है।

गुरुवार को खेल निदेशक का पद संभालेंगी कोटानी

टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति के नये खेल निदेशक के तौर पर मिकाको कोटानी गुरुवार को पद संभालेंगी। आपको जानकारी के लिए बता दें कि 54 वर्षीय कोटानी ने वर्ष 1988 में आयोजित हुए सियोल ओलंपिक में लयबद्ध तैराकी स्पर्धा में जापान के लिए दो कांस्य पदक जीते थे, जिसे अब कलात्मक तैराकी के नाम से भी जाना जाता है।

Read More: पैरालम्पिक खेलों में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं दीपा मलिक

टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति की नई खेल निदेशक मिकाको कोटानी समिति की वर्तमान निदेशक कोजी मुरोफशी की जगह लेंगी, जो अब जापान की खेल एजेंसी आयुक्त बनने जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि खेल एजेंसी आयुक्त जापान सरकार का पद है। टोक्यो ओलंपिक-2020 आयोजन समिति के प्रमुख 83 साल के योशिरो मोरी हैं, जो जापान के पूर्व प्रधानमंत्री भी हैं। वहीं, कोटानी जापान ओलंपिक समिति के कार्यकारी बोर्ड की सदस्य भी हैं।

COMMENT