रैपर हनी सिंह ने दिल्ली के क्लब में अपने साथ हुई मारपीट के बाद दर्ज कराई शिकायत

Views : 897  |  3 minutes read
Honey-Singh-Assaulted

मशहूर सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह ने चार-पांच अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर दिल्ली के एक क्लब मारपीट करने के बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हनी सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि दिल्ली के एक क्लब में गत 27 मार्च को जब वे अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे, तभी अज्ञात लोगों ने उनके साथ हाथापाई की। इनमें से कुछ लोगों के पास हथियार भी थे।

घटना के बाद शो को बीच में ही करना पड़ा बंद

जानकारी के मुताबिक, जब मामला गंभीर हो गया तो यो यो हनी सिंह को शो बीच में ही बंद करना पड़ा और उसके सभी साथी आर्टिस्ट स्टेज छोड़कर चले गए। बता दें कि यह शो साउथ एक्स पार्ट-2 के स्कॉल क्लब में चल रहा था। रिपोर्ट्स की मानें तो आरोपी स्टेज पर चढ़कर बीयर की बोतलें दिखाने लगे। जब इन्हें रोकने की कोशिश की गई तो इन्होंने बदतमीजी शुरू कर दी और आर्टिस्ट्स को जान से मारने की धमकी देने लगे।

ज्यादातर कमाई स्टेज शोज से करते हैं हनी सिंह

गौरतलब है कि पंजाबी रैपर यो यो हनी सिंह आए दिन ही अपने स्टेज शो की वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में हुए शो की वीडियो भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट की थी। हनी सिंह की ज्यादातर कमाई स्टेज शोज के जरिए ही होती है और उनके शो में इस तरह के हादसे भी होते रहते हैं।

मालूम हो कि यो यो हनी सिंह साल 2015 में एकदम से गायब हो गए थे, जिसके बाद सामने आया था कि वह नशे की लत और बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे। हनी सिंह ‘चार बोतल वोडका’, ‘अंग्रेजी बीट’, ‘ब्लू आइज’ और ‘मनाली ट्रांस’ जैसे अपने सुपरहिट गानों के लिए पहचान रखते हैं।

Read Also: दिव्या भारती की मौत उनके चाहने वालों के लिए आज भी बनी हुई है रहस्य

COMMENT