पूर्व सपा नेता अमर सिंह के निधन से खाली हुई राज्यसभा सीट पर 11 सितंबर को होगा उपचुनाव

Views : 2832  |  3 minutes read
Amar-Singh-Bye election

समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व नेता अमर सिंह के निधन के बाद खाली हुई राज्यसभा की एक सीट पर 11 सितंबर को उपचुनाव होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इसकी घोषणा शुक्रवार को कर दी है। लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझने के बाद पूर्व सपा नेता अमर सिंह का सिंगापुर के एक निजी अस्पताल में 1 अगस्त, 2020 को निधन हो गया था। उनके निधन के साथ ही राज्यसभा की यह सीट खाली हो गई थी।

मतदान के बाद उसी दिन शाम को मतगणना की जाएगी

अमर सिंह का उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल जुलाई 2022 तक था। भारत निर्वाचन आयोग ने अपने एक बयान में कहा है कि अमर सिंह के निधन के कारण राज्यसभा की खाली हुई सीट पर उपचुनाव के लिए 25 अगस्त को अधिसूचना जारी की जाएगी और मतदान 11 सितंबर, 2020 को होगा। स्थापित अभ्यास के अनुसार 11 सितंबर को मतदान के बाद शाम को ही मतगणना की जाएगी।

Read More: केंद्रीय कैबिनेट ने राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी के गठन के प्रस्ताव को दी मंजूरी

आपको बता दें कि हाल में उत्तर प्रदेश के राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा के जयप्रकाश निषाद निर्विरोध चुने गए थे। निषाद ने 13 अगस्त को विधानभवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। वह सपा नेता बेनी प्रसाद वर्मा के निधन के बाद राज्यसभा की खाली हुई सीट पर चुने गए थे। भारतीय जनता पार्टी ने जय प्रकाश निषाद को अपना प्रत्याशी बनाया था।

COMMENT