ओलिंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने बहन चंद्रांशु के साथ ज्वाइन की बीजेपी

Views : 5900  |  3 minutes read
Saina-Nehwal-Joins-BJP

भारत की स्टार बैडमिंटन चैम्पियन साइना नेहवाल ने भारतीय जनता पार्टी यानि बीजेपी ज्वाइन कर ली है। साइना बुधवार को अपनी बहन चंद्रांशु नेहवाल के साथ बीजेपी में शामिल हुईं। विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आज दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिन्हा की उपस्थिति में अपनी बहन के साथ पार्टी ज्वाइन की। इसी के साथ ही बैडमिंटन कोर्ट पर कई उपलब्धि अपने नाम करने वाली साइना के राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत हो गई है। अब वह उन खिलाड़ियों में शामिल हो गई है, जो राजनीति में कदम रख चुके हैं।

Saina-Nehwal-Joins-BJP

मैं मोदीजी से बहुत प्रेरित हूं, मुझे राजनीति पसंद है

बीजेपी में शामिल होने के बाद साइना नेहवाल ने कहा, ‘आज मैंने ऐसी पार्टी ज्वाइन की, जो देश के लिए बहुत कुछ करती है। नरेन्द्र मोदी सर दिन रात देश के लिए इतना मेहनत करते हैं। अभी मेरे लिए सबकुछ नया है, लेकिन मुझे यह अच्छा लग रहा है। नरेन्द्र सर खेलो को बढ़ावा देते हैं, ‘खेलो इंडिया’ जैसे प्रोत्साहन के लिए काम करना शुरू किया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं बहुत हार्ड वर्किंग हूं, मैं मोदीजी के साथ देश के लिए कुछ करना चाहती हूं। मुझे राजनीति पसंद है। खेलो इंडिया से युवाओं को खेलने का मौका मिलता है। मैं मोदीजी से बहुत प्रेरित हूं।’

लंदन ओलिंपिक में देश के लिए जीत चुकी हैं पदक

हरियाणा के हिसार में जन्मी 29 वर्षीय साइना नेहवाल भारत की मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी है। उनकी सोशल मीडिया पर फैन फॉलोइंग जबरदस्त है। ट्विटर पर उन्हें 8.5 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। साल 2015 में महिला बैडमिंटन में वर्ल्ड नंबर वन रह चुकी साइना को वर्ष 2016 में भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया गया। इससे पहले उन्हें ‘राजीव गांधी खेल रत्न’ और ‘अर्जुन अवार्ड’ से भी नवाज़ा जा चुका था। साइना अभी तक के कॅरियर में कुल 24 अंतर्राष्ट्रीय खिताब देश के नाम कर चुकी हैं। वह साल 2009 में बैडमिंटन दुनिया की दूसरी और इसके छह वर्ष बाद विश्व की पहले नंबर की खिलाड़ी बनीं।

Saina-Nehwal-with-BJP-Head-JP-Nadda

साइना नेहवाल ने साल 2012 के लंदन ओलिंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। बैडमिंटन के अलावा वह कराटे में ब्राउन बेल्ट हैं। साइना ने 14 दिसंबर, 2018 को भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी कश्यप से शादी रचाई। उनके बीजेपी से जुड़ने के बाद माना जा रहा है कि वह दिल्ली चुनाव में पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगी। इसके अलावा साइना नेहवाल अपने गृह राज्य हरियाणा में बैडमिंटन अकादमी खोलने की तैयारी में है। उन्होंने मीडिया से कहा कि वह देश के लिए आगे भी खेलना जारी रखेंगी और राजनीति में भी बराबर सक्रिय बनी रहेंगी।

Read More: 24 मई को मुंबई में खेला जाएगा आईपीएल फाइनल, पहली बार लागू होंगे ये दो नियम

Saina-Nehwal-and-Chandranshu-Nehwal

 

COMMENT