भारत के साथ सीमा विवाद को बातचीत से सुलझाएंगे: नेपाल रक्षा मंत्री

Views : 2615  |  3 minutes read
Nepal-Defence-Minister-Ishowor-Pokhrel

पड़ोसी देश नेपाल और भारत के बीच चले रहे सीमा विवाद पर अब नेपाल के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ईश्वर पोखरेल ने कहा है कि वह भारत के साथ सीमा विवाद को बातचीत के जरिए हल करेंगे। पोखरेल ने कहा, ‘हम भारत के साथ सीमा विवाद को वार्ता के जरिए सुलझाएंगे, हम लगातार इस बात को कह रहे हैं। सेना तैनात करने का कोई मतलब नहीं है।’ आपको बता दें, भारत और नेपाल के बीच विवाद की वजह भारत द्वारा हाल ही में तैयार की गई लिपुलेख-धारचूला सड़क है, जिसे नेपाल अपने क्षेत्र में होना बता रहा है जबकि यह भारतीय सीमा में है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया था सड़क का उद्घाटन

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीते दिनों उत्तराखंड में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर चीन की सीमा से लगी रणनीतिक रूप से बेहद अहम 80 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उद्घाटन किया था। पड़ोसी देश नेपाल ने सड़क के उद्घाटन पर आपत्ति जताई थी। नेपाल ने इसे एकतरफा कार्रवाई करार देते हुए कहा था कि यह कदम सीमा से जुड़े मुद्दों के हल के लिए दोनों देशों के बीच हुई सहमति के ख़िलाफ़ है। वहीं, नेपाल ने अपने नए नक्शे में लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा को अपना हिस्सा बताया था।

भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में हुए भर्ती

आपको बता दें कि नेपाल की संसद नए राजनीतिक नक्शे के लिए किए जा रहे संविधान संशोधन पर मुहर लगाने के लिए लगभग तैयार हो गई है। नेपाल के कानून मंत्री शिवमाया तुमबाहंगफे ने आज संसदीय बैठक में चर्चा के लिए नेपाल के संविधान में अपडेटेड मानचित्र को शामिल करने के लिए संशोधन प्रस्ताव पेश करने के लिए कहा। नेपाली मीडिया में छपी जानकारी के मुताबिक, संविधान संशोधन के पास होते ही इस विवादित नक्शे को नेपाल के अंदर कानूनी वैधता मिल जाएगी, जिसमें भारत के उत्तराखंड राज्य के तीन इलाकों कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा को भी नेपाल ने अपना क्षेत्र दिखाया है। भारत इस नक्शे पर पहले ही कड़ी आपत्ति दर्ज़ करा चुका है।

COMMENT