अगले 48 घंटे के भीतर कई राज्यों में बारिश हो सकती है: मौसम विभाग

Views : 3393  |  3 minutes read
Monsoon-Rainfall

तेज गर्मी, लू और उमस से देश के कई हिस्सों में लोग परेशान हो गए हैं। इसी बीच एक राहत भरी ख़बर आई है कि मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के अनुसार अगले 48 घंटों के भीतर देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटे के भीतर अच्छी बारिश हो सकती है।

अगले दो दिनों में बिहार में पहुंच सकता है मानसून

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में मानसून बिहार राज्य में दस्तक दे सकता है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में गहरा होते कम दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ पर नज़र रखना जरूरी है। मौसम विभाग के बताया कि दक्षिण गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार की ओर मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां बन रही हैं, जिसकी वजह से अगले 48 घंटों में इन राज्यों के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना है।

Read More: महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए

हालांकि, मौसम विभाग ने साफ करते हुए कहा कि मानसून के राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचने में अभी वक्त है। पहले यह देखना होगा कि मानसून कब मध्य प्रदेश और फिर यूपी पहुंचता है। उसके बाद ही यह दिल्ली पहुंचेगा, जिसमें अभी लंबा वक्त है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान कर्नाटक के तटीय इलाकों और कोंकण व गोवा में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे के अंदर तेलंगाना, असम और मेघालय में भी अलग-अलग समय पर भारी बरसात होने की संभावना जताई जा रही है।

COMMENT