20 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी की कमान संभालेंगे जेपी नड्डा

Views : 5472  |  3 minutes read
JP-Nadda-BJP

विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बीजेपी यानि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का मुख्य अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। उनके नाम की घोषणा 20 जनवरी को पूर्व केन्द्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह करेंगे। इससे पहले बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 जनवरी को नामांकन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार फिलहाल नए अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। नामांकन के बाद 20 जनवरी को मुख्य अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

अगले कुछ ही दिनों में होगी नाम की घोषणा

बीजेपी के संविधान के अनुसार 50 फीसदी से ज्यादा राज्यों में संगठन का चुनाव हो जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है। फिलहाल सभी राज्यों में संगठन के चुनाव चल रहे हैं। 18 जनवरी तक 80 प्रतिशत तक राज्यों में संगठन के चुनाव संपन्न हो जाएंगे। इसके बाद नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह अगले दो से तीन दिन में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख की घोषणा करेंगे। हालांकि यह तय माना जा रहा है कि वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों के अलावा कई प्रदेशों के अध्यक्ष नड्डा के प्रस्तावक होंगे।

Read More: यूपी के दो शहरों में लागू होगा पुलिस कमिश्नर सिस्टम, जानें क्या है यह

एक साल पहले ही समाप्त हो गया था शाह का कार्यकाल

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कार्यकाल पिछली जनवरी यानि जनवरी 2019 में ही समाप्त हो गया था। लेकिन अगले कुछ महीनों में लोकसभा चुनाव को को देखते हुए अमित शाह से पद पर बने रहने को कहा गया था। आम चुनाव में मोदी सरकार की वापसी और इसके बाद अमित शाह को गृह मंत्री के रूप में मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद जेपी नड्डा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए थे।

 

COMMENT