कई वर्ष तक फोर्ब्स मैगजीन में दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं में शामिल रह चुकी हैं इंद्रा नूई

Views : 4145  |  0 minutes read

भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक और पेप्सिको की पूर्व सीईओ इंद्रा नूई का 28 अक्टूबर को 64वां बर्थडे है। वह कई बार दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में स्थान पा चुकी हैं। उन्हें वर्ष 2014 में फोर्ब्स सूची में 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में 13वां स्थान और वर्ष 2015 में फॉर्च्यून की सूची में दूसरी सबसे शक्तिशाली महिला के रूप में स्थान प्राप्त किया है।

नूई ने अक्टूबर 2018 में पेप्सिको कंपनी के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह अमेजॉन के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का हिस्सा बन गई हैं।

जीवन परिचय

इंद्रा कृष्णमूर्ति नूई का जन्म 28 अक्टूबर, 1955 को तमिलनाडु की राजधानी मद्रास (अब चेन्नई) में एक तमिल परिवार में हुआ था। उनके पिता ‘स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद’ में कार्यरत थे। नूई की आरंभिक शिक्षा मद्रास के होली एन्जिल्स एंग्लो इंडियन हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने वर्ष 1974 में मद्रास विश्वविद्यालय के मद्रास क्रिश्चियन कॉलेज से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। वर्ष 1976 को उन्होंने भारतीय प्रबंध संस्थान, कोलकाता से प्रबंधन में मास्टर डिग्री की। इसके बाद उन्होंने जॉनसन एंड जॉनसन में अपने कॅरियर की शुरूआत की।

नूई ने वर्ष 1978 में अमेरिका की येल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में एडमिशन लिया और यहां से वर्ष 1980 में उन्होंने पब्लिक और प्राइवेट मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री हासिल की।

कई महत्वपूर्ण कंपनियों में किया जॉब

मास्टर डिग्री के दौरान उन्होंने ‘बूज एलन हैमिलटन’ में समर इंटर्नशिप की। प्रबंधन की पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने अमेरिका में जॉब करने का निर्णय लिया। यहीं पर नूई बोस्टन कंसल्टेशन ग्रुप में शामिल हुई। बाद में मोटारोला और एसिया ब्राउन बोबेरी जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्होंने वर्ष 1986 से 90 के मध्य मोटोरोला कंपनी में कॉरपोरेट स्ट्रैटजी के उपाध्यक्ष पर पर कार्य किया और मोटोरोला के ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स के विकास का दायित्व संभाला।

पेप्सिको की सीईओ बन रचा इतिहास

इंद्रा नूई वर्ष 1994 में पेप्सिको जुड़ गई थीं। उन्हें वर्ष 2001 में कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल किया गया था और मुख्य वित्त अधिकारी (सी.एफ.ओ.) बनाया गया। वह पेप्सिको की दीर्घकालिक विकास रणनीति की शिल्पकार मानी जाती हैं। जिसमें उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक कंपनी की वैश्विक रणनीति का निर्देशन किया है। नूई ने पेप्सिको के पुनर्गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में वर्ष 1998 में ट्रोपिकाना का अधिग्रहण और वर्ष 2001 में क्वेकर ओट्स कंपनी का विलय किया गया। उनकी काबिलियत को देखते हुए वर्ष 2006 में उन्हें पेप्सिको की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद दिया गया। नूई इस पद पर पहुंचने वाली पांचवीं सीईओ हैं।

उनको वर्ष 2011 में पेप्सिको की सीईओ के रूप में वेतन करीब 1.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर दिया गया, जो वर्ष 2014 तक बढ़कार 1.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर हो गया था।

दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं में हुई कई बार शामिल

वर्ष 2018 में नूई को CEOWORLD पत्रिका द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ सीईओ इन द वर्ल्ड’ में नामित किया गया था। फोर्ब्स पत्रिका ने वर्ष 2008 में विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की में शामिल किया गया। फॉर्च्यून पत्रिका ने वर्ष 2006, 2007, 2008, 2009 और 2010 में बिजनेस के क्षेत्र में सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची में पहला स्थान मिला। जनवरी, 2008 में उन्हें अमेरिका–इंडिया बिजनेस कौंसिल का अध्यक्ष चुना गया।

वर्ष 2009 में लीडर्स ग्रुप ने उन्हें सीईओ ऑफ़ द इयर चुना। उन्हें वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया।

निजी जीवन

इंद्रा ने वर्ष 1981 में AmSoft Systems के अध्यक्ष राज के. नूई से शादी की। उनके दो बेटियां हैं। वे ग्रीनविच कनेक्टिकट में रहती हैं। फोर्ब्स ने उन्हें “वर्ल्ड्स पावरफुल मॉम्स” सूची में तीसरे स्थान पर रखा। उनकी एक बेटी येल विश्विद्यालय से प्रबंधन की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी बड़ी बहन चंद्रिका कृष्णमूर्ति टंडन एक प्रसिद्ध गायिका हैं।

COMMENT