कोरोना: इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए इन पांच चीजों का कर सकते हैं इस्तेमाल

Views : 2246  |  4 minutes read
Immunity-Booster-Things

देश में कोरोना महामारी के समय में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, ऐसे में जरूरी हो गया है कि लोग अपनी इम्यूनिटी यानि रोग प्रतिरोधक क्षमता को ज्यादा से ज्यादा मजबूत रखें। क्योंकि इम्यूनिटी कमजोर होने पर लोगों के जल्द ही कोरोना का शिकार होने की संभावना ज्यादा रहती है। इससे बचाव के लिए जो सबसे जरूरी चीज है वो ये कि इम्यूनिटी को कैसे बढ़ाया जाए, ताकि कोरोना संक्रमण से बच सके। हम आपको उन 5 चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपकी इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मददगार साबित हो सकती है…

अश्वगंधा का पाउडर

अश्वगंधा पाउडर को इम्यूनिटी बढ़ाने में काफी मददगार माना जाता है। केंद्रीय आयुष मंत्रालय के निर्देश अनुसार इसका सेवन करने से संक्रमण के विरूद्ध लड़ने में मदद मिलती है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए 15 दिन तक दिन में दो बार गर्म पानी में 1-3 ग्राम अश्वगंधा पाउडर का सेवन करें।

आंवला या आंवले का पाउडर

आंवला में प्रचुर मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है, जो मानव शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता यानि इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक होता है। हर दिन 1-3 ग्राम आंवले के पाउडर का सेवन किया जा सकता है। अच्छी बात ये है कि बाजार में आसानी से मिल जाता है।

गिलोए का पाउडर

इम्यूनिटी बढ़ाने में गिलोए पाउडर काफी कारगर माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट गुणों की भरपूर मात्रा होती है। गिलोए पाउडर के नियमित सेवन से शरीर को बीमारियों से लड़ने में मदद मिलती है। केंद्रीय आयुष मंत्रालय के मुताबिक, 15 दिन तक गर्म पानी में 1-3 ग्राम गिलोए पाउडर का सेवन करना लाभप्रद है।

आयुष का क्वाथ

आयुष मंत्रालय ने अपनी ओर से पिछले साल इम्यूनिटी बढ़ाने वाली जिन चीजों का सेवन करने की सलाह दी थी, उसमें आयुष क्वाथ भी शामिल है। इसमें तुलसी पत्ता और दालचीनी जैसी घरेलू चीजें शामिल होती हैं। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने बताया था कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए रोजाना 150 एमएल यानि करीब एक कप आयुष क्वाथ का सेवन किया जा सकता है।

च्यवनप्राश

प्राचीन समय से ही च्यवनप्राश का काफी महत्व रहा है। इसे इम्यूनिटी बढ़ाने वाला फूड माना जाता है। साल 2020 में इसको लेकर एक शोध भी हुआ था, जिसमें यह सामने आया कि च्यवनप्राश खाने वाले लोग अन्य लोगों की तुलना में कम बीमार पड़ते हैं। अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए रोजाना एक चम्मच च्यवनप्राश खा सकते हैं। इसके अलावा हल्दी दूध के सेवन के कई फायदे हैं। यह इम्यूनिटी बढ़ाने का भी काम करता है। रोजाना सुबह-शाम हल्दी वाले दूध का सेवन कर सकते हैं।

नोट: इस लेख में उल्लेखित चीजों के इस्तेमाल से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

ओ ब्लड ग्रुप, शाकाहारी और धूम्रपान करने वालों में कोरोना का संक्रमण कमः सीएमआईआर रिसर्च

COMMENT