कांग्रेस बताए कि चीन ने राजीव गांधी फाउंडेशन को मोटी रकम क्यों दी: बीजेपी अध्यक्ष नड्डा

Views : 3118  |  3 minutes read
BJP-Chief-JP-Nadda

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश की वर्चुअल जनसंवाद रैली को संबोधित करते हुए चीन सीमा विवाद को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि वर्ष 2017 डोकलाम गतिरोध के दौरान राहुल गांधी गुप्त रूप से भारत में चीन के राजदूत के साथ दिल्ली में मुलाकात कर रहे थे। आज गलवान घाटी को लेकर भी कांग्रेस देश को गुमराह करने का काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि चीन से राजीव गांधी फाउंडेशन को मोटी रकम मिली है।

एक परिवार की गलती से 43 हजार वर्ग किमी भूमि गई

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि गलवान घाटी में हुई घटना पर भी कांग्रेस ने राजनीति की है। ये वही कांग्रेस है, जब 2017 के अगस्त में चीन और भारत का विवाद चल रहा था, उस समय राहुल गांधी चीन के राजदूत के साथ गुपचुप मुलाकात कर रहे थे। गलवान घाटी के विषय को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने कहा कि मोदी जी देश के लिए हम सब एक साथ खड़े हैं, आप आगे बढ़ें हम सभी साथ हैं। सिर्फ एक परिवार ने उनकी नीयत और नीति पर प्रश्न खड़े करने शुरू किए। उन्होंने कहा कि एक परिवार की गलतियों के कारण 43 हजार वर्ग किमी भूमि गंवा दी।

चीन में फंड लेकर स्टडी कराना देश हित में नहीं

बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि ये चीन से फंड लेते हैं और उसके बाद स्टडी कराते हैं, जो देश के हित में नहीं है। ये उसके लिए वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि राजीव गांधी फाउंडेशन को इतना पैसा किस बात के लिए दिया गया था और उन्होंने देश में क्या स्टडी की थी? ये भी देश जानना चाहता है। नड्डा ने कहा कि आज मैंने टीवी में देखा और दंग हूं कि राजीव गांधी फाउंडेशन को 2005-06 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना और चीन की एंबेसी ने मोटी रकम राजीव गांधी फाउंडेशन को दी। ये है चीन और कांग्रेस का गुपचुप रिश्ता। कांग्रेस और राहुल बताए कि चीन ने राजीव फाउंडेशन को मोटी रकम क्यों दी?

Read More: इसरो ने निजी कंपनियों के लिए खोला स्पेस सेक्टर, देश की क्षमता का होगा उपयोग

बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि जब-जब देश संकट में आया.. तब चाहे हम जनसंघ हों या भारतीय जनता पार्टी, हमेशा देश के साथ खड़े रहे। लेकिन मुझे दु:ख के साथ यह कहना पड़ रहा है कि आज जब देश संकट में आया, तब कांग्रेस ने सिर्फ देश को बदनाम करने का काम किया।

COMMENT