कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को बनाया दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष

Views : 4900  |  0 minutes read
Kirti-Azad

क्रिकेट और राजनीति का कनेक्शन काफ़ी पुराना है। हालांकि भारत में बहुत ही कम ऐसे पॉलिटिशियन हैं जो क्रिकेट के बाद सक्रिय रूप से राजनीति से जुड़े रहे। लेकिन अब लगता है क्रिकेटर्स को राजनीति भा रही है। नवजोत सिंह सिद्धू, कीर्ति आजाद, अनुराग ठाकुर, गौतम गंभीर जैसे कई क्रिकेटर हैं जो फिलहाल राजनीति में सक्रिय हैं। इनमें से एक कीर्ति आजाद को कांग्रेस की ओर से बड़ा तोहफा मिला है। पूर्व क्रिकेटर आजाद को कांग्रेस ने दिल्ली कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है।

विधानसभा चुनाव से पहले मिलीं अहम जिम्मेदारी

पूर्व क्रिकेटर और राजनेता कीर्ति आजाद को कांग्रेस ने यह जिम्मेदारी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दी है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित के निधन के बाद से यह पद खाली चल रहा था। दिल्ली कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में अरविंदर सिंह लवली, अजय माकन, जेपी अग्रवाल, सुभाष चोपड़ा, राजेश लिलोठिया, संदीप दीक्षित और देवेन्द्र यादव नाम भी शामिल था। लेकिन कांग्रेस ने दिल्ली में बिहार यूपी वोटर्स की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए कीर्ति आजाद को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

नए अध्यक्ष के ऐलान से पहले यह अटकलें लगाई जा रही थी कि दिल्ली कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को रोकने के लिए पार्टी हाईकमान राज्य के बाहर से किसी नेता को यह जिम्मेदारी सौंप सकता है। क्रिकेटर से राजनेता बने कीर्ति आजाद का दिल्ली से भी नाता रहा है, लेकिन वह बिहार से ताल्लुक रखते हैं।

राहुल गांधी से चर्चा के बाद हुआ नाम का ऐलान

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने करीब 50 नेताओं से चर्चा की थी। कीर्ति का नाम फाइनल होने के बाद शुक्रवार शाम को दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष की घोषणा की गई। यह भी कहा जा रहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से चर्चा के बाद ही कीर्ति आजाद के नाम की घोषणा हुई है।

Read More: विराट कोहली ने दोहरा शतक समेत बनाए कई रिकॉर्ड, भारत ने पहली पारी की घोषित

आपकी जानकारी के लिए बता दें, कीर्ति आजाद के पिता बिहार में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे हैं। वे बिहार के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वहीं, कीर्ति टीम इंडिया के लिए 7 टेस्ट और 25 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक भी शतक या अर्धशतक नहीं लगाया। टेस्ट में उनका उच्च स्कोर 24 रन और वनडे में नाबाद 39 रन रहा।

 

COMMENT