आसान नहीं था ‘आनंद कुमार’ से ‘कबीर’ बनने का सफर, महज 2 महीने में ऋतिक ने कर दिखाया ये करिश्मा

Views : 5324  |  0 minutes read

ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की हालिया रिलीज हुई फिल्म ‘वॉर’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर सफलता का दौर लगातार जारी है। फिल्म वॉर में पहली बार टाइगर श्रॉफ और ऋतिक रोशन ने एक साथ स्क्रीन शेयर की है। दोनों की केमिस्ट्री इस हद तक दर्शकों को पसंद आ रही है कि फिल्म ने एक के बाद एक लगभग 20 रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

ऋतिक रोशन ने दो साल बाद पर्दे पर वापसी की है। इसमें कोई दो राय नहीं कि साल 2019 ऋतिक के लिए शानदार रहा है। इस साल उनकी दो फिल्में ‘सुपर-30’ और ‘वॉर’ रिलीज हुई है। वॉर से पहले ऋतिक बायोपिक फिल्म ‘सुपर-30’ में नजर आ चुके हैं। ऋतिक ने हालिया ‘सुपर 30’ से वॉर तक की जर्नी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसमें नजर आ रहा है कि ‘सुपर-30’ के आनंद कुमार से लेकर ‘वॉर’ के कबीर बनने तक का सफर ऋतिक के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। एक बिहारी किरदार को पर्दे पर साकार करने के बाद तुरंत ‘वॉर’ के लिए एक्शन अवतार में उतरना काफी मुश्किल भरा था। इन दोनों ही फिल्मों के लिए ट्रांसफॉर्मेशन को इस वीडियो में देखा जा सकता है।

इस वीडियो को ऋतिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसे शेयर करते हुए ऋतिक ने लिखा है, ‘The other side of K.A.B.I.R.’  इस वीडियो में ऋतिक ने ‘सुपर-30’ के लिए बढ़ाए वजन से लेकर ‘वॉर’ के फिट कबीर बनने की जर्नी शेयर की है। ऋतिक का एक पैर जन्म से ही छोटा है, जिसके कारण उन्हें अक्सर स्लिप डिस्क की प्रॉब्लम होती रहती है। इन सब परेशानियों के बावजूद ऋतिक का वॉर के लिए कबीर बनना कितना मुसिबत भरा रहा है…आप भी देखिये ये वीडियो।

बता दें कि ऋतिक के इस वीडियो को अब तक 3 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। महज दो महीने में ऋतिक का ट्रांसफॉर्मेशन काबिल-ए-तारीफ है। फिलहाल सोशल मीडिया पर ऋतिक का ये वीडियो गजब वायरल हो रहा है। जिसे फैंस भी खूब पसंद कर रहे हैं।

COMMENT