भजनलाल शर्मा होंगे राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री, दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा डिप्टी सीएम व देवनानी बनेंगे स्पीकर

Views : 555  |  3 minutes read
Rajasthan-New-CM-Bhajanlal-Sharma

छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में नये मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद आज मंगलवार को राजस्थान में भी प्रदेश का अगले मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। विधायक दल की बैठक के बाद भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री चुने गए हैं। विधानसभा चुनाव-2023 के नतीजों के नौ दिन बाद भाजपा नेतृत्व ने राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय किया है। मुख्यमंत्री के साथ ही दो डिप्टी सीएम व विधानसभा स्पीकर के नाम का भी ऐलान हो गया है।

जयपुर की विद्याधर नगर विधानसभा सीट से विधायक दीया कुमारी और दूदू से विधायक डॉ. प्रेमचंद बैरवा को राजस्थान का उप-मुख्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, अजमेर उत्तर से लगातार पांच बार के विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता वासुदेव देवनानी राजस्थान विधानसभा के नए अध्यक्ष होंगे।

कौन है राजस्थान के नए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

राजस्थान के नए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के भरतपुर जिले के रहने वाले है। वे परास्नातक पास हैं। शर्मा जयपुर की सांगानेर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने हैं। 55 वर्षीय भजनलाल लाल शर्मा संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं और पार्टी में कई पदों पर भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे संगठन के प्रदेश महामंत्री भी हैं।

सांगानेर सीट से भाजपा के ही विधायक डॉ. अशोक लाहोटी का टिकट काटकर पार्टी ने भजनलाल को इस बार मैदान में उतारा। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार पुष्पेंद्र भारद्वाज को बड़े अंतर से हराकर चुनाव जीता। भजन लाल शर्मा सांगानेर सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने कांग्रेस के पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48,081 वोटों से शिकस्त दी थी। विधायक दल की बैठक से पहले हुए फोटा सेशन में वे चौथी पंक्ति में बैठे थे।

बीजेपी के खिलाफ एक बार लड़ चुके हैं चुनाव

भजन लाल शर्मा भरतपुर के अटारी गांव के रहने वाले हैं। वे गिरिराज भगवान के भक्त हैं और यूपी के मथुरा जिले स्थित गोवर्धन धाम की अक्सर परिक्रमा करते हैं। शर्मा की माताजी का नाम गोमती देवी तथा पिताजी का नाम किशनलाल शर्मा है। भजनलाल का भरतपुर के राजेंद्र नगर में मकान है। पूर्व में वह अटारी के सरपंच भी रह चुके हैं। वर्ष 2003 में उन्होंने देवीसिंह भाटी की पार्टी से बीजेपी के खिलाफ नदबई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।

Read: मोहन यादव होंगे मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री, भाजपा ने एक बार फिर चौंकाया

COMMENT