मोहन यादव होंगे मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री, भाजपा ने एक बार फिर चौंकाया

Views : 572  |  3 minutes read
New-CM-of-Madhya-Pradesh

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 नतीजों के आठ दिन बाद आखिरकार राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। जानकारी के अनुसार, भाजपा ने नये चेहरे मोहन यादव को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की जोड़ी ने मोहन यादव के नाम पर मुहर लगाई है, जिस पर आज भोपाल में भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति दी गई है। दिल्ली से भोपाल पहुंचे पर्यवेक्षकों ने विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए नाम की घोषणा कर सभी विधायकों की सम्मति ली। इसी के साथ मध्य प्रदेश के चार बार के सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान की छुट्टी हो गई है। मोदी व शाह की जोड़ी ने एक बार फिर सभी को चौंकाते हुए मोहन यादव के रूप में मध्य प्रदेश को सीएम के रूप में नया चेहरा दिया है।

कौन हैं एमपी के नये मुख्यमंत्री मोहन यादव?

विधायक दल की बैठक में सोमवार को जिन डॉ. मोहन यादव को सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री चुना गया है, वे 58 साल के हैं। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से तीन बार के विधायक हैं। उन्होंने बीएससी, एलएलबी, एम.ए. (राजनीति विज्ञान), एमबीए, पीएचडी की हैं। पीएचडी धारक होने के कारण ही वे अपने नाम के आगे डॉक्टर लगाते हैं। मोहन यादव का राजनीतिक करियर वर्ष 1982 से शुरू हुआ। वे साल 2013 में पहली बार विधायक बने थे। डॉ. यादव चौदहवीं विधान सभा के सदस्‍य निर्वाचित हुए। वे वर्ष 2018 में दूसरी बार चुनाव जीतकर शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री भी रहे हैं।

कॉलेज से ही शुरू हो गई राजनीतिक पारी

डॉ. मोहन यादव की मुख्य आय वकालत, व्‍यापार और कृषि से होती है। उनका राजनीतिक करियर वर्ष 1982 में माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्र संघ के सह-सचिव पद पर जीत के साथ हुआ। उसके बाद वे वर्ष 1984 में अध्‍यक्ष हो गए। वर्ष 1984 में ही यादव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, उज्‍जैन के नगर मंत्री और वर्ष 1986 में विभाग प्रमुख रहे। यादव साल 1988 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मप्र के प्रदेश सहमंत्री और राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्‍य रहे। वर्ष 1989-90 में वे परिषद की प्रदेश इकाई के प्रदेश मंत्री बने। यादव ने साल 1991-92 में परिषद के राष्‍ट्रीय मंत्री पद का भी कार्यभार संभाला।

नरेंद्र तोमर होंगे स्पीकर, दो डिप्टी सीएम भी बनाए जाएंगे

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने कुछ सांसदों को मैदान में उतारा था। उनमें से एक व पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर अब मध्यप्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष होंगे। जबकि दो डिप्टी सीएम भी इस बार बनाये जाएंगे। हालांकि, डिप्टी सीएम के लिए अभी नाम सामने नहीं आए हैं। संभव है कि मंत्रियों की शपथ के समय नाम की घोषणा की जाए। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटों पर बंपर जीत दर्ज की है।

Read: आर्टिकल 370 पर ‘सुप्रीम’ फैसला, जम्मू-कश्मीर में बरकरार रहेगा केंद्र का फैसला

COMMENT