नीलामी: आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे बिके क्रिस मॉरिस, देखें कौनसा खिलाड़ी कितने में बिका

Views : 2939  |  3 minutes read
IPL-Auction-2021

इंडियन प्रीमियर लीग यानि IPL के 14वें सीजन के लिए गुरुवार को खिलाड़ियों की चेन्नई में नीलामी हुई। इस सीजन की नीलामी के लिए बीसीसीआई ने 292 खिलाड़ियों को शॉर्ट लिस्ट किया था। दक्षिण अफ्रीकी ऑल राउंडर क्रिस मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ की रिकॉर्ड बोली लगाकर खरीदा। इसी के साथ वह युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ते हुए आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं।

इस नीलामी के टॉप-5 महंगे खिलाड़ियों में मॉरिस के अलावा न्यूजीलैंड के काइल जैमीसन 15 करोड़ (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल 14.25 करोड़ (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर), झाय रिचर्डसन 14 करोड़ (पंजाब किंग्स) और भारत के कृष्णप्पा गौतम 9.25 करोड़ (चेन्नई सुपर किंग्स) शामिल हैं। के. गौतम आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं।

IPL-2021-Top-5-Buys

आरआर ने क्रिस मॉरिस पर लुटाए जमकर पैसे

दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला खिलाड़ी क्रिस मॉरिस पर मिनी ऑक्शन में जमकर पैसों की बारिश हुई। 33 वर्षीय मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने रिकॉर्ड 16.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकार खरीदा। उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह का छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 2015 में युवराज को दिल्ली डेयरडेविल्स ने रिकॉर्ड 16 करोड़ में खरीदा था। बता दें कि मॉरिस को विराट कोहली के नेतृत्व वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम ने इस बार रिलीज कर दिया था।इसके बाद मॉरिस ने 75 लाख रुपये अपनी बेस प्राइस रखी। उन्हें लेने के लिए मुंबई इंडियंस, राजस्थान और बैंगलोर के बीच में होड़ मची।

2013 में पहली बार आईपीएल में खेले थे मॉरिस

क्रिस मॉरिस के आईपीएल कॅरियर की बात करें तो उन्होंने अब तक कुल 70 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसमें उन्होंने 24 की औसत और 158 की स्ट्राइक रेट से 551 रन बनाए हैं। इसके अलावा मॉरिस ने गेंदबाजी में 24 की औसत से 80 विकेट भी अपने नाम किए हैं। मॉरिस वर्ष 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से पहली बार आईपीएल खेले थे। इसके बाद वह सात सीजन में चेन्नई, दिल्ली, बैंगलोर टीम का हिस्सा रहे। आपको बता दें कि मॉरिस ने यूएई में पिछले साल खेले गए आईपीएल-13 में आरसीबी के लिए नौ मुकाबले खेले थे, इस दौरान उन्होंने 161 की स्ट्राइक रेट से महज 34 रन बनाए और 19 की औसत से 11 विकेट झटके थे।

Read: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टेस्ट से लिया संन्यास, ये है आगे की योजना

COMMENT