एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि, परिवार पहुंचा मुंबई, 4 बजे होगा अंतिम संस्कार

Views : 3775  |  3 minutes read
Sushant-Singh-Rajput

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार सुबह बांद्रा स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, वे पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे। सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शुरुआती तौर पर आत्महत्या की बात सामने आई है। वहीं, डॉक्टरों ने उनके ऑर्गन्स को जांच के लिए जेजे अस्पताल भेज दिया है। अस्पताल के लैब में जांच की जाएगी कि उनके ऑर्गन्स में किसी तरह का जहर या ड्रग्स तो नहीं है। मामले की जांच कर रहे मुंबई पुलिस जोन 9 डीसीपी अभिषेक त्रिमुखी ने कहा कि उन्हें सुशांत के कमरे से कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

आज शाम 4 बजे विले पार्ले श्मशान घाट में होगा अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, आज सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे सुशांत का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार के लिए उनका परिवार मुंबई पहुंच चुका है। अंतिम संस्कार के लिए दो पंडित भी उनके घर पहुंच चुके हैं। बता दें, एक्टर सुशांत के सुसाइड केस में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के बाद फॉरेंसिक टीम भी उनके घर पहुंची थी।

रात 12 बजे रिया और महेश शेट्टी को किया था कॉल

एक्टर के मोबाइल रिकॉर्ड के मुताबिक, सुशांत सिंह राजपूत ने 13 जून की रात 12 बजे के बाद सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी बहुत ख़ास मित्र रिया चक्रवर्ती और महेश शेट्टी को कॉल किया था, पर दोनों ने ही सुशांत का कॉल नहीं उठाया। अब इस केस को आगे ले जाते हुए पुलिस दोनों से पूछताछ करेगी। बता दें, सुशांत सिंह राजपूत 14 जून की सुबह 6:30 बजे उठे थे। सुबह 9:30 बजे उन्होंने अपनी बहन से फोन पर बात की।

Read More: बॉलीवुड सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान ने 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की

करीब 10:30 बजे सुशांत सिंह राजपूत अपने कमरे से निकले और जूस लिया और वापस कमरे में लौट गए। कुछ देर बाद जब नौकर लंच पूछने गया तो कमरा बंद था और वो दरवाजे को खोल नहीं रहे थे। साथ रहने वाले दोस्तों और नौकरों ने सुशांत को फोन भी किया लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इसपर सब घबरा गए थे। सुशांत के आत्महत्या की ख़बर सुनकर हर कोई दुखी है। एक्टर के घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

COMMENT