लद्दाख में सेना के जवानों से भरी बस श्योक नदी में गिरी, हादसे में 7 जवानों की जान गई व 19 घायल

Views : 898  |  3 minutes read
Ladakh-Army-Bus-Accident

केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में सेना के सात जवानों की जान चली गई, जबकि 19 जवान गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद चंडीगढ़ एयरलिफ्ट किया गया है। जानकारी के अनुसार, परतापुर से अग्रिम मोर्चे पर सेना के 26 जवानों को ले जा रही एक बस फिसलकर श्योक नदी में 50-60 फुट नीचे गिर गई, जिसमें सात जवानों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 19 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, इस हादसे को लेकर अभी सेना की तरफ से आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है। बताया जा रहा कि जवानों की बस ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ के अग्रिम स्थान की ओर जा रही थी।

थोइस से लगभग 25 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ये हादसा थोइस से लगभग 25 किलोमीटर दूर हुआ है, जहां सेना की बस श्योक नदी में करीब 50-60 फीट गहराई में गिर गई। इस हादसे में इसमें सेना के सभी जवान घायल हो गए। घायल जवानों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल पहुंचाया गया था और लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया। अस्पताल में सात जवानों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर वेस्टर्न कमांड भेजा गया है।

घायलों को विशेष विमान से चंडीगढ़ सैन्य अस्पताल भेजा

श्योक नदी हादसे की जानकारी देते हुए सेना के पीआरओ ले. कर्नल एमरान मुसाबी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी जवानों को भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से चंडीगढ़ भेज दिया गया। वहां सभी का उपचार अब सैन्य अस्पताल में चल रहा है। मृतक जवान और घायलों के नाम और पते की जानकारी अभी नहीं मिली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नोबरा के लरगयाब पच्छाथांग में दुर्घटनाग्रस्त हुई इस बस का नंबर जेके10-6245 है। बस को लद्दाख के चांगमार का रहने वाला अहमद शाह चला रहा था। इस मामले में लेह पुलिस ने नोबरा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अलगाववादी नेता यासीन मलिक को कोर्ट ने उम्रकैद की सुनाई सजा, 10 लाख का जुर्माना भी लगाया

COMMENT