सर डेविड एटनबरो को मिला इस वर्ष का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार, पढ़िए उनके योगदान के बारे में

Views : 4998  |  0 minutes read

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर हर साल इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार दिया जाता है। ये पुरस्कार समाज के लिए कुछ विशेष करने वाली शख्सियतों को दिया जाता है। ये पुरस्कार इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से दिया जाता है। इस साल का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार प्रकृति प्रेमी और ब्रॉडकास्टर सर डेविड एटनबरो को दिया गया है।

इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से जारी बयान के मुताबिक पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले अंतर्राष्ट्रीय जूरी ने शांति, निरस्त्रीकरण और विकास के लिए इंदिरा गांधी पुरस्कार के सम्मान हेतु सर एटनबरो का चयन किया है।

मॉर्डन नेचर डॉक्यूमेंट्री के पितामह है सर एटनबरो

सर डेविड एटनबरो एक प्रसिद्ध प्रकृतिवादी हैं। इन्हे मॉर्डन नेचर डॉक्यूमेंट्री का पितामह कहना गलत नहीं होगा। सर डेविड ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से नेचुरल साइंस की पढ़ाई पूरी की। सर डेविड ने अपनी पहली नौकरी बीबीसी में एक प्रोड्यूसर के रूप में शुरू की। बीबीसी में एटनबरो ने प्रसिद्ध ‘जू क्वेस्ट क्विज’ का प्रसारण शुरू किया। उनका ये शो वाइल्ड लाइफ को करीबी से दर्शाने वाला पहला शो था। बाद में उन्हे बीबीसी में प्रोग्रामिंग डॉयरेक्टर बना दिया गया।

सर डेविड एटनबरो पांच दशक से अधिक समय से जीव जंतुओं पर लगातार काम कर रहे हैं और उन्होंने इस पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखी हैं। सर डेविड एटनबरो ने एक प्रसारक के रूप में पूरी दुनिया के करोडों लोगों को जीव जंतुओं के बारे में व्यापक और रोचक जानकारी दी और बताया कि इंसान और प्रकृति के लिए इन जीव जंतुओं का कितना महत्व है। सर एटनबरो अब तक यूनेस्को के कलिंग पुरस्कार, माइकल थाइराजे सम्मान सहित वेल सोसाइटी के फ़ेलोशिप सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किये जा चुके हैं।

वर्ष 1986 से दिया जा रहा है इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1986 में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की याद में ‘इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट’ द्वारा की गई। यह पुरस्कार ऐसे व्यक्ति या संस्था को दिया जाता है जिन्होंने शांति, समाज सेवा, निरस्त्रीकरण और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो।

इस पुरस्कार के अंतर्गत 25 लाख रुपए नकद, एक ट्रॉफी प्रदान की जाती है। पिछले वर्ष इस पुरस्कार से ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट’ (सीएसई) को वर्ष 2017 के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2016 के इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को नवाजा गया था।

बता दें कि यह पुरस्कार वैश्विक स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय शांति, सामाजिक कार्य करने वाले लोगों और संगठनों को भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। अब तक इस पुरस्कार से मिखाइल गोर्बाचेव, यूनिसेफ, जिमी कार्टर, शेख हसीना, एंजेला मार्केल आदि को सम्मानित किया जा चुका है। भारतीय हस्तियों में 1999 में एम एस स्वामीनाथन, 2011 में एला भट्ट, 2014 में इसरो का नाम शामिल है, जिन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

COMMENT