आठ राज्यों की 19 राज्यसभा सीटों के चुनाव परिणाम जारी, बीजेपी को 8 और कांग्रेस मिली चार सीटें

Views : 3519  |  3 minutes read
Rajya-Sabha-Election-Result

राज्यसभा की रिक्त 19 सीटों के लिए शुक्रवार को आठ राज्यों में वोटिंग हुई। इसके बाद इसी दिन इन चुनावों के परिणाम जारी कर दिए गए। इस चुनाव में बीजेपी को आठ और कांग्रेस को चार सीटें मिली हैं। इससे पहले हुए राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खाते में नौ और कांग्रेस ने 6 सीटें जीती थीं। इस बार के चुनाव में बीजेपी को एक और कांग्रेस को दो सीटों का नुकसान हुआ। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने भी चार सीटें जीती हैं।

कांग्रेस ने राजस्थान में और बीजेपी ने मध्य प्रदेश में जीती दो सीटें

बीजेपी को मध्य प्रदेश की तीन में से दो सीटें और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। वहीं, राजस्थान में इसके उलट कांग्रेस को दो और भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट पर ​जीत दर्ज की है। आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की है। झारखंड की दो सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव में एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में गई तो दूसरी सीट पर बीजेपी ने जीती है। वहीं, मेघालय में मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस के डॉ. डब्ल्यूआर खरलुखी ने जीत दर्ज की। मणिपुर की एक राज्यसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। वहीं, मिजोरम की एक सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट के प्रत्याशी को जीत हासिल की है।

Read More: अगस्त 2021 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष बनेगा भारत

गुजरात में बीजेपी के खाते में तीन और एक पर कांग्रेस की जीत

जानकारी के अनुसार, गुजरात की चार सीटों में से तीन सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है और एक सीट कांग्रेस के खाते में आई है। गुजरात में भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो विधायकों ने वोटिंग में भाग नहीं लिया, जिसका फायदा भारतीय जनता पार्टी को मिला। आपको बता दें कि राज्यसभा की 19 सीटों में आंध्र प्रदेश की चार, गुजरात में 4, मध्य प्रदेश में तीन, राजस्थान में तीन, झारखंड में दो और मणिपुर, मिजोरम और मेघालय में एक-एक सीट पर मतदान हुआ। पहले ये चुनाव इस साल 26 मार्च को होने वाले थे, लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के तेजी से प्रसार के कारण भारतीय निर्वाचन आयोग ने इन चुनावों को स्थगित कर दिया था।

COMMENT