न्यूजीलैंड सरकार में मंत्री बनने वाली पहली भारतीय बनीं प्रियंका राधाकृष्णन

Views : 3497  |  3 minutes read
Priyanca-Radhakrishnan-New-Zealand

भारतीय मूल की प्रियंका राधाकृष्णन ने सोमवार को न्यूजीलैंड की जैसिंडा अर्डर्न कैबिनेट में मंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही वह न्यूजीलैंड की मंत्रिमंडल में शामिल होने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब न्यूजीलैंड में भारतीय मूल का कोई शख़्स इस पद पर पहुंचा है। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने प्रियंका राधाकृष्णन को मंत्री बनाया है। अर्डर्न ने अपने मंत्रिमंडल में पाँच नए मंत्रियों को शामिल किया है, जिनमें प्रियंका भी हैं। 41 वर्षीय प्रियंका न्यूज़ीलैंड में सत्ताधारी लेबर पार्टी की नेता हैं। मंत्री बनने के बाद उन्होंने कहा, ‘आज बेहद ख़ास दिन है। अपनी सरकार में मंत्री बनने के बाद एक साथ कई चीज़ें दिमाग़ में आ रही हैं।’

केरल के परावूर से आती है प्रियंका

प्रियंका राधाकृष्णन का जन्म तमिलनाडू राज्य के चेन्नई में हुआ था, लेकिन उनका परिवार केरल के परावूर से आता है। प्रियंका ने अपनी स्कूल की पढ़ाई सिंगापुर से की थी। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए वो न्यूज़ीलैंड चली गई थीं। राधाकृष्णन न्यूज़ीलैंड में उन लोगों की आवाज़ बनी थीं, जिनके लिए इंसाफ़ की लड़ाई काफ़ी चुनौतीपूर्ण होती है। उन्होंने घरेलू हिंसा में प्रताड़ित होने वाली महिलाओं और शोषणग्रस्त प्रवासी मज़दूरों के अधिकार के लिए काम किया है। सितंबर 2017 में प्रियंका राधाकृष्णन लेबर पार्टी से पहली बार सांसद चुनी गईं।

साल 2019 में उन्हें एथनिक कम्युनिटी मंत्री की संसदीय निजी सचिव बनाया गया था। अपने इस रोल पर काम के दम पर प्रियंका न्यूजीलैंड की अर्डर्न सरकार में मंत्री पद तक पहुंची है। प्रियंका को विविधता, समावेशी और नस्लीय समुदाय के विभाग का मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा उनके ज़िम्मे सामाजिक विकास और रोज़गार भी है।

Read More: वॉट्सऐप ने अपडेटेड स्टोरेज मैनेजमेंट टूल को किया लॉन्च, यूजर्स को होंगे ये फायदे

मंत्रिमंडल में नई प्रतिभा को शामिल कर जताई खुशी

प्रियंका राधाकृष्णन के नाम की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने कहा, ‘मंत्रिमंडल में नई प्रतिभा को शामिल करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। जो मंत्रालय उन्हें दिया गया है, उसे लेकर उन्होंने भरपूर काम किया है।’ आपको जानकारी के लिए बता दें कि प्रियंका भारतीय मूल की पहली और एकमात्र किवी मंत्री हैं। वो अपने पति के साथ न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में रहती हैं।

COMMENT