पीएम मोदी के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे के. सिवन, वीडियो वायरल

Views : 4465  |  0 minutes read

चंद्रयान—2 से इसरो का संपर्क टूटने के बाद पूरे देश हताश है। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद इसरो मुख्यालय में पहुंचे थे। चंद्रयान—2 का जब संपर्क टूटा तो इसरो की टीम की हिम्मत बढ़ाई खुद पीएम मोदी ने। शनिवार की सुबह इसरो के चीफ के.सिवन पीएम मोदी के गले लगकर फूट—फूटकर रोने लगे। पीएम मोदी ने सिवन को गले लगाया और गर्व के साथ उनकी पीठ थपथपाई।

PM Narendra Modi Hug K. Sivan in ISRO

‘हर संघर्ष हमें कुछ नया सिखाकर जाता है’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों और देश को संबोधित करते हुए कहा कि हम निश्चित रूप से सफल होंगे। इस मिशन के अगले प्रयास में भी और इसके बाद के हर प्रयास में भी कामयाबी हमारे साथ होगी।

पीएम ने कहा कि हर मुश्किल, हर संघर्ष, हर कठिनाई, हमें कुछ नया सिखाकर जाती है, कुछ नए आविष्कार, नई टेक्नोलॉजी के लिए प्रेरित करती है और इसी से हमारी आगे की सफलता तय होती हैं. ज्ञान का अगर सबसे बड़ा शिक्षक कोई है तो वो विज्ञान है। विज्ञान में विफलता नहीं होती, केवल प्रयोग और प्रयास होते हैं।

मैं सभी अं​तरिक्ष वैज्ञानिकों के परिवार को सलाम करता हूं: पीएम मोदी

इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के परिवार को भी सलाम करता हूं। उनका मौन लेकिन बहुत महत्वपूर्ण समर्थन आपके साथ रहा। हम असफल हो सकते हैं, लेकिन इससे हमारे जोश और ऊर्जा में कमी नहीं आएगी। हम फिर पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि अपने वैज्ञानिकों से मैं कहना चाहता हूं कि भारत आपके साथ है। आप सब महान प्रोफेशनल हैं जिन्होंने देश की प्रगति के लिए संपूर्ण जीवन दिया और देश को मुस्कुराने और गर्व करने के कई मौके दिए। आप लोग मक्खन पर लकीर करने वाले लोग नहीं हैं पत्थर पर लकीर करने वाले लोग हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, साथियों मैं कल रात को आपकी मनस्थिति को समझ रहा था। आपकी आंखें बहुत कुछ कह रही थीं। आपके चेहरे की उदासी मैं पढ़ पा रहा था।ज्यादा देर मैं आपके बीच नहीं रुका। कई रातों से आप सोए नहीं हैं। फिर भी मेरा मन करता था, कि एक बार सुबह आपको फिर से बुलाऊं. आपसे बातें करूं। इस मिशन के साथ जुड़ा हुआ हर व्यक्ति अलग ही अवस्था में था, बहुत से सवाल थे। बड़ी सफलता के साथ आगे बढ़ते गए। अचानक सबकुछ नजर आना बंद हो गया है। मैंने भी उस पल को आपके साथ जिया है।

COMMENT