इंस्टाग्राम पर इस मामले में दुनिया के नंबर वन नेता बने पीएम मोदी

Views : 5037  |  0 minutes read
PM-Modi

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्तमान में दुनिया के सबसे प्रसिद्ध नेताओं में से एक हैं। पीएम मोदी सोशल मीडिया पर काफ़ी एक्टिव रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी को भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में बड़ी संख्या में लोग सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं। इस बात का ताज़ा उदाहरण यह है कि पीएम नरेन्द्र मोदी इंस्टाग्राम पर विश्व में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता बन गए हैं। फोटो-वीडियो शेयरिंग ऐप इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 30 मिलियन पर पहुंच गई है। इस मामले में दुनिया का कोई भी नेता उनके आस-पास भी नहीं है। पीएम मोदी का नया रिकॉर्ड यह साबित करने के लिए काफ़ी है कि वे वैश्विक दुनिया में खूब पसंद किए जाने वाले लीडर हैं।

PM-Modi-Instagra

मोदी की बादशाहत, दूसरे नंबर पर हैं विडोडो

इंस्टाग्राम पर बादशाहत कायम करने वाले पीएम मोदी ने दुनिया के कई बड़े दिग्गज नेताओं को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इंस्टा पर 3 करोड़ लोग ​फॉलो करते हैं। ख़ास बात ये है कि इस ऐप पर अब तक 350 से ज्यादा पोस्ट शेयर कर चुके पीएम मोदी इंस्टा पर किसी भी शख्स को फॉलो नहीं करते हैं। इंस्टा पर सर्वाधिक फॉलो किए जाने वाले नेताओं में उनके और दूसरे नंबर के बीच 3.4 मिलियन फॉलोअर्स का बड़ा अंतर है।

इंस्टाग्राम पर अब मोदी से पीछे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो हैं। विडोडो को 25.6 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर सर्वाधिक फॉलो किए जाने वाले नेताओं में नंबर 3 पर दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा हैं। ओबामा के इंस्टा पर 24.8 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वे इस ऐप पर 14 लोगों को फॉलो करते हैं। वहीं, अमरीका के वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इंस्टाग्राम पर 14.9 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। ट्रंप इंस्टा पर मात्र 8 लोगों को फॉलो करते हैं।

ट्विटर पर मोदी को फॉलो करते हैं 5 करोड़ लोग

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ​इंस्टाग्राम के अलावा माइको ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर भी 50.7 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। उनका ये जलवा फेसबुक पर भी बरकरार है। फेसबुक पर पीएम मोदी के 44 ​मिलियन फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर मोदी के फॉलोवर्स की संख्या बताती है कि युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता किस कदर है। देश के बाहर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अक्सर ख़ासी दीवानगी देखने को मिलती है। इसका ताज़ा उदाहरण अमरीका के ह्यूस्टन शहर में हुआ ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम है, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें सुनने पहुंचे थे।

Read More: बर्थडे स्पेशल: क्रिकेटर से राजनेता बने गौतम गंभीर के नाम दर्ज हैं ये जबरदस्त रिकॉर्ड

अगर ट्विटर की बात करें तो सोशल मीडिया के इस सबसे पॉपुलर प्लेटफॉर्म पर सर्वाधिक फॉलोअर्स पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के हैं। ओबामा को ट्विटर पर 109 मिलियन यूजर्स फॉलो करते हैं। वहीं, यूएसए के वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्विटर पर 65.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। पीएम मोदी ट्विटर पर इन दोनों ही नेताओं से अभी काफ़ी पीछे हैं। लेकिन उनकी लगातार बढ़ रही प्रसिद्धि से यह तय माना जा सकता है कि वे अगले एक साल में ट्विटर पर डोनाल्ड ट्रंप को पीछे छोड़ सकते हैं।

COMMENT