‘आप मेरे लिए बहुत कुछ करते हो’ कभी ये बात अपनों को बोल कर तो देखिए…

Views : 2267  |  0 minutes read

सुबह से रात तक हम सभी अपने काम में व्यस्त रहते हैं। कभी कभी जिंदगी की इस भागदौड़ में दूसरों के लिए तो क्या हम अपने लिए भी समय नहीं निकाल पाते हैं। घड़ी की सुईयों के साथ जीवन इस कदर बंध जाता है कि हम जिंदगी को जीना ही भूल जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस भागमभाग में हम अपने आस पास रह रहे लोगों को भी नजरअंदाज करने लगे हैं। दरअसल हमारे अपने भी हमारे बिजी रूटीन का हिस्सा बनकर रह गए हैं, जिनसे हम रोज मिलते तो हैं लेकिन उनके अपनेपन को महसूस नहीं कर पाते।

हमारे यह अपने बिना किसी शर्त हमारे लिए कई काम करते हैं और बदले में हम से किसी तरह की अपेक्षा नहीं करते। ये अपने कई समस्याओं को हम तक पहुंचने ही नहीं देते। हमारी जिंदगी को सरल बनाने में इन लोगों का बहुत बड़ योगदान होता है। ऐसे में इनके प्रति हमारी भी कुछ जिम्मेदारी बनती है। इन लोगों के लिए कुछ कर पाएं तो बहुत अच्छा है लेकिन यदि आप बहुत व्यस्त हैं तो एक छोटा सा काम इन लोगों के लिए जरूर कर सकते हैं। अपनों को हग करके बस इतना कह दीजिए कि ‘आप मेरे लिए बहुत कुछ करते हो’। यकीन मानिए आपका इतना कहना ही उनके लिए किसी गिफ्ट से कम नहीं होगा।

इस बात से आपके अपने ना सिर्फ बेहद खुश होंगे बल्कि उन्हें यह अहसास भी होगा कि वे आपकी जिंदगी में बहुत महत्वपूर्ण हैं। भले ही आप उन्हें समय नहीं दे पा रहे लेकिन आप उनके लिए सोचते हैं। अपनों के लिए यही काफी है। कम से कम आप उनके काम को समझ तो रहे हैं। हम कई बार अपनी भावनाओं को जाहिर करने में संकोच कर जाते हैं। लेकिन कभी कभी ऐसा करना जरूरी है। यह रिश्तों को रिफ्रेश करने में बहुत अहम भूमिका निभाता है।

तो देर म​त करिए तुरंत अपनों को हग करिए और उन्हें अहसास कराइए कि वे कितने खास हैं…।

COMMENT