इरफ़ान ख़ान और करीना कपूर स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का ट्रेलर जारी, जानें कब होगी रिलीज

Views : 5367  |  3 minutes read
Angrezi-Medium-Trailer

बॉलीवुड के नामी कैरेक्टर एक्टर इरफ़ान ख़ान की अपकमिंग फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। लंदन में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर के लंबे समय तक इलाज के बाद इरफ़ान इस फिल्म से रुपहले पर्दे पर वापसी कर रह हैं। फिल्म में उनके साथ ही करीना कपूर और राधिका मदान भी लीड रोल में हैं। अंग्रेजी मीडियम के ट्रेलर की शुरुआत एक अंग्रेजी स्कूल के सीन से होती है, जहां टॉपर बच्चों को सम्मानित किया जा रहा है। अब बारी आती है इरफ़ान की, जिन्हें स्टेज पर बेटी यानि राधिका मदान को अवॉर्ड मिलने पर दो शब्द बोलना है। वह जैसे-तैसे टूटी फूटी अंग्रेजी में बोलते हैं, लेकिन अपनी स्पीच के अंत में इरफ़ान कह देते हैं कि उन्हें इतनी ही इंग्लिश आती है, जिसके बाद ऑडिटोरियम में मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं।

Angrezi-Medium-Movie

कॉमेडी ड्रामा में इमोशंस का लगेगा तड़का

इरफ़ान ख़ान के किरदार की बेटी बनी राधिका मदान अच्छे अंकों से स्कूलिंग पूरे करने के बाद लंदन में पढ़ाई करना चाहती है। बेटी को लंदन पढ़ाने लिखाने में 1 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। लेकिन पिता इरफ़ान के पास इतने पैसे ही नहीं है। ऐसे में पिताजी इरफ़ान कैसे अपनी बेटी का सपना पूरा करते हैं, इस पर कहानी पर फिल्म बनी है। फिल्म अंग्रेजी मीडियम का ट्रेलर बड़ा मजेदार है, इरफ़ान ख़ान के डायलॉग्स इसमें जान डाल देते हैं। वहीं, करीना कपूर फिल्म में लंदन की पुलिस ऑफिसर का रोल प्ले करती नज़र आ रही है। ‘पटाखा’ गर्ल टीवी एक्ट्रेस राधिका मदान भी क्यूट लग रही है।

अंग्रेजी मीडियम का ट्रेलर देखकर लगता है कि इसमें कॉमेडी ड्रामा में इमोशंस का तड़का लगने वाला है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर ट्वीट्स की भरमार हो गई है। लोगों के रिएक्शन्स को देखकर ये अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि इरफ़ान ख़ान के फैंस उनकी पर्दे पर वापसी से काफ़ी उत्साहित हैं और दूसरे तरफ इमोशनल भी हैं। इरफान आखिरी बार वर्ष 2018 में रिलीज हुई ‘कारवां’ में नज़र आए थे। बीमारी के इलाज के कारण दो साल पर्दे से दूर रहे इरफ़ान की फिल्म के ट्रेलर रिलीज होने पर लोग उन्हें बधाई भी दे रहे हैं।

Read More: मशहूर फैशन डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स का निधन, भावुक हुआ बॉलीवुड

20 मार्च को रिलीज होगी फिल्म, ये स्टार्स आएंगे नज़र

फिल्म अंग्रेजी मीडियम सुपरहिट फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ का सीक्वल है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को होमी अडजानिया ने डायरेक्ट किया है। फिल्म के प्रोड्यूसर दिनेश विजान और ज्योति देशपांडे हैं। इसकी कहानी भावेश मंडेलिया, गौरव शुक्ला और विनय छबाल ने लिखी है, जबकि संगीत सचिन-जिगर का है। इसमें लीड एक्टर्स के अलावा दीपक डोबरियाल, डिंपल कपाड़िया, रणवीर शौरी, पंकज त्रिपाठी और कीकू शारदा भी अहम भूमिका निभाते नज़र आएंगे। फिल्म अंग्रेजी मीडियम 20 मार्च 2020 को रिलीज होगी।

 

COMMENT