ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को भी इनाम देगी हरियाणा सरकार

Views : 1706  |  3 minutes read
CM-Khattar-Announce-For-Olympics-Players

हरियाणा सरकार राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहले ही घोषणा कर चुकी है। सरकार टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल विजेता को 6 करोड़ रुपये की राशि दे रही है। इसी प्रकार सिल्वर मेडल के लिए चार करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल के लिए ढाई करोड़ की राशि का प्रावधान है। वहीं, अब राज्य में पहली बार चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को भी प्रोत्साहन के तौर पर इनाम देने की घोषणा की गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पहली बार राज्य सरकार ने चौथे स्थान पर रहने वाले प्रत्येक एथलीट/खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये देने का फैसला किया है।

महिला हॉकी खिलाड़ियों को ओलंपिक में प्रदर्शन का मिलेगा इनाम

भारतीय महिला हॉकी टीम के टोक्यो ओलंपिक में शानदार खेल से प्रभावित मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऐलान किया है कि ओलंपिक भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल प्रदेश की नौ खिलाड़ियों को सरकार 50-50 लाख रुपये का पुरस्कार देगी। उन्होंने भारतीय टीम को टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई भी दी। बता दें कि ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेले गए मैच में भारत की महिला हॉकी टीम को ग्रेट ब्रिटेन के सामने 4 3 से हार का सामना करना पड़ा। पूरे ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों का प्रदर्शन जबरदस्त रहा।

पदक विजेताओं को इनामी राशि के साथ नौकरी व प्लॉट भी मिलेगा

हरियाणा सरकार टोक्यो ओलंपिक के मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को इनामी राशि के साथ सरकारी नौकरी और रियायती दरों पर प्लॉट भी देगी। गुरुवार को कुश्ती में रजत व हॉकी में कांस्य पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह घोषणा की थी। सीएम खट्टर ने कहा कि रजत पदक विजेता पहलवान रवि कुमार दहिया को खेल नीति के तहत चार करोड़ रुपये, प्रथम श्रेणी की सरकारी नौकरी व रियायती दरों पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का प्लॉट दिया जाएगा। रवि के गांव नाहरी जिला सोनीपत में आधुनिक सुविधाओं से लैस इंडोर कुश्ती स्टेडियम बनाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि ओलंपिक में 41 साल बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पदक का सूखा खत्म किया है। इस टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र व सुमित भी शामिल हैं। इन्हें राज्य की खेल नीति के तहत ढाई-ढाई करोड़ रुपये इनाम राशि व द्वितीय श्रेणी की नौकरी खेल विभाग में दी जाएगी।

टोक्यो ओलंपिक: रवि कुमार दहिया ने रेसलिंग में दिलाया रजत पदक, पुरुष हॉकी में जीता ब्रॉन्ज मेडल

COMMENT