टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी को छह करोड़ का ईनाम देगी यूपी सरकार

Views : 1984  |  3 minutes read
UP-CM-Yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ऐलान किया है कि टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को राज्य सरकार छह करोड़ रुपये की राशि बतौर ईनाम देगी। सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत के दौरान यूपी के ऐसे 10 खिलाड़ियों का जिक्र किया, जोकि टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्पर्धा में विजेता खिलाड़ी को गोल्ड मेडल जीतने पर छह करोड़, जबकि टीम इवेंट में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को तीन करोड़ रुपये का ईनाम दिया जाएगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के तौर पर देने की भी घोषणा की गई।

योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे पर की ईनाम की घोषणा

आपको जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी दौरे पर हैं। जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में ये घोषणा की। गौरतलब है कि ‘खूब खेलो, खूब बढ़ो’ मिशन के तहत चलने वाली योजना के तहत उत्तर प्रदेश में खेल सुविधाओं में इजाफा किया गया है, ताकि प्रदेश का खेल भविष्य और बेहतर बन सकें। साथ ही राज्य सरकार ने खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए तमाम योजनाएं बनाई हैं। इन योजनाओं का फायदा प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिल रहा है।

टोक्यो ओलंपिक में अपना जलवा बिखेरेंगे यूपी के ये 10 खिलाड़ी

भारतीय ओलंपिक दल में उत्तर प्रदेश से टोक्यो ओलंपिक के लिए इस साल सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी एथलेटिक्स से चयनित हुए हैं। इसमें सीमा पुनिया (चक्का फेंक), शिवपाल सिंह (भाला फेंक), प्रियंका गोस्वामी (20 वॉक) और अन्नू रानी (भाला फेंक) शामिल हैं। इसके अलावा शूटिंग में सौरभ चौधरी और मेराज खान ने टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा हासिल किया है। बॉक्सर सतीश कुमार और रोअर अरविंद सोलंकी भी अपना जलवा बिखेरेंगे। इनके अलावा हॉकी से पुरुष टीम में ललित उपाध्याय और महिला टीम से वंदना कटारिया ने जगह बनाई है।

Read Also: विहिप ने यूपी जनसंख्या नियंत्रण बिल ड्राफ्ट से एक बच्चे का नियम हटाने की मांग की

COMMENT