गूगल के कर्मचारी जून 2021 तक करेंगे ‘वर्क फ्रॉम होम’, कंपनी प्रमुख पिचाई ने भेजा ईमेल

Views : 3452  |  3 minutes read
Google-Employees

दुनियाभर में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए ज्यादातर कंपनियां पिछले कुछ महीनों से अपने कर्मचारियों से वर्क फ्रॉम होम करा रही है। इसी बीच अब दुनिया की नामी आईटी कंपनी गूगल ने भारत सहित दुनियाभर में अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की व्यवस्था को अगले साल यानी 2021 में जून तक जारी रखने का फैसला किया है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि गूगल और उसकी मातृ कंपनी अल्फाबेट इंक के दुनियाभर में नियमित और संविदा पर दो लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं। इसमें भारत के करीब 5,000 कर्मचारी भी शामिल हैं।

गूगल प्रमुख पिचाई ने कर्मचारियों को जारी किया ईमेल

गूगल के प्रमुख व भारतीय मूल के सुंदर पिचाई ने सभी गूगल कर्मचारियों को ईमेल जारी किया है। पिचाई ने अपने इस ईमेल में कहा है, ‘कर्मचारियों को आगे की योजना तैयार करने का मौका देते हुए हम पूरी दुनिया में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने का विकल्प 30 जून, 2021 तक बढ़ा रहे हैं। तब तक उन्हें कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। इसका मतलब है कि 2021 के पहले छह महीने तक गूगल का ‘वर्क फ्रॉम होम’ जारी रहेगा।

Read More: एक अगस्त को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में छात्रों से रूबरू होंगे पीएम मोदी

गौरतलब है कि भारत गूगल के दुनिया में प्रमुख बाजारों में से एक है और कंपनी की यहां अधिकांश मौजूदगी साउथ इंडिया एरिया में आने वाले हैदराबाद और बंगलूरू जैसे शहरों में है। बता दें, सुंदर पिचाई ने हाल ही में भारत में 75,000 करोड़ रुपए निवेश की योजना लॉन्च की थी, जिसके तहत अगले सात सालों में भारतीय अर्थव्यवस्था को डिजिटल बनाने की योजना है।

COMMENT