जल्द ही जारी होगा 1 रुपए का नया नोट, ये फीचर्स होंगे ख़ास

Views : 5107  |  3 minutes read
Rs-1-New-Note

केंद्र सरकार जल्द ही 1 रुपए का नया नोट जारी करने जा रही है। करीब 3 साल बाद एक बार फिर एक रुपए का नया नोट जारी होगा। वित्त मंत्रालय ने एक रुपए के नए नोट की छपाई से जुड़ी गज़ट अधिसूचना जारी की है। केंद्र सरकार की ओर से जारी गज़ट अधिसूचना में एक रुपये के नए नोट के रंग, मानक वजन और डिजाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार, 1 रुपए का नया नोट 9.7 x 6.3 सेमी के आयताकार साइज का होगा। इस नए नोट पर ‘गवर्नमेंट ऑफ इंडिया’ से ऊपर ‘भारत सरकार’ अंकित होगा। इसमें तेल प्लेटफॉर्म सागर रत्न का प्रतीक भी दिखेगा।

दो भाषाओं में होंगे वित्त सचिव के हस्ताक्षर

1 रुपए के नए नोट पर वित्त सचिव अतनु चक्रवर्ती के दो भाषाओं में हस्ताक्षर होंगे। इसके अलावा नए नोट पर अशोक स्तंभ तो होगा, लेकिन उसके साथ ‘सत्यमेव जयते’ लिखा नहीं होगा। नोट के केंद्र में ‘1’ छिपा हुआ रहेगा और कई तरह के वाटरमार्क होंगे। दाहिने साइड में वर्टिकल स्टाइल में भारत लिखा होगा, जोकि छिपा रहेगा। इस नोट पर एक रुपए के नये सिक्के का रेप्लिका भी होगा। नए नोट का रंग मुख्य रूप से पिंक और ग्रीन में होगा। इसमें दाईं तरफ नीचे की ओर काले रंग से नोट का नंबर लिखा होगा जो बाएं से दाएं बढ़ते क्रम में होंगे। नए नोट में पहले तीन नंबर और शब्द आकार में एक-समान होंगे। इसमें अन्न का प्रतीक बना होगा जो कृषि प्रधान देश का संकेत होगा। एक रुपए के नए नोट में 15 भाषाओं में रुपए की कीमत लिखी होगी।

Rs-1-Note-

आरबीआई नहीं, सरकार जारी करती है एक रुपए का नोट

आज़ाद भारत के एक रुपए के नोट की कहानी बहुत अलग है। यह आज के समय में देश में नोट के रूप में सबसे छोटी मुद्रा है। एक रुपए के नोट को भारतीय रिजर्व बैंक यानि आरबीआई नहीं बल्कि भारत सरकार जारी करती है। यही वजह है कि एक रुपए के नोट पर रिजर्व बैंक के गवर्नर का हस्ताक्षर नहीं होता है। इस नोट पर देश के मौजूदा वित्त सचिव का हस्ताक्षर होता है।

डीआरडीओ विकसित कर रहा ‘प्रनाश’ मिसाइल, दुश्मन पर दूर तक साधा जा सकेगा निशाना

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक रुपए के पहले नोट का मुद्रण 30 नवंबर, 1917 को हुआ था। उस वक़्त नोट पर ब्रिटिश किंग जॉर्ज पंचम की फोटो होती थी। भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 1926 में पहली बार एक रुपए के नोट की छपाई बंद हो गई थी। इसके बाद साल 1940 में इसे फिर से शुरू किया गया। इसके बाद वर्ष 1994 में एक रुपए के नोट की छपाई फिर से बंद कर दी गई थी, जिसके बाद साल 2015 में इसकी फिर से छपाई शुरू हुई।

 

COMMENT