दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का हुआ ऐलान, 8 फरवरी को मतदान

Views : 4136  |  2 Minute read
Delhi assembly election

देश की राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में होेने वाले विधानसभा चुनावों की घोषणा सोमवार को चुनाव आयोग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। जिसके तहत मतदान अगले महीने की 8 फरवरी को और नतीजों की घोषणा 11 फरवरी को होगी। इसी के साथ राजधानी में आचार संहिता लागू हो गई है।

देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने सोमवार दोपहर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसी के साथ राजधानी में आचार संहिता लागू हो गई है। दिल्ली में 8 फरवरी को सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे, 11 फरवरी को चुनाव नतीजों का ऐलान होगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि दिल्ली में 2,689 जगहों पर मतदान डाले जाएंगे और इसके लिए 13750 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इन पर दिल्ली के 1 करोड़ 46 लाख रजिस्टर्ड मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव में 90 हजार कर्मचारी लगाए जाएंगे। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी को पूरा हो जाएगा।

इन विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से मुकाबला त्रिकोणीय है, एक ओर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी है तो विपक्ष में बीजेपी और कांग्रेस हैं।

इस प्रकार होगी चुनावों की प्रक्रिया

  • नामांकन का नोटिफिकेशन – 14 जनवरी, मंगलवार
  • नॉमिनेशन की आखिरी तारीख – 21 जनवरी, मंगलवार
  • पर्चा की जांच – 22 जनवरी
  • नामांकन वापिस— 24 जनवरी
  • वोटिंग – 8 फरवरी
  • परिणाम – 11 फरवरी

ऐसे रहा था पिछला विधानसभा चुनाव

चुनावों की तारीखों की घोषणा होने के बाद दिल्ली में चुनाव प्रचार जोर पकड़ने वाले हैं। ऐसे में पिछले विधानसभा चुनाव वर्ष 2015 में चुनाव मैदान में उतरी नई पार्टी आम आदमी पार्टी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की। उसने 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल की थी, बाकी बची तीन पर बीजेपी ने कब्जा जमाया था। कांग्रेस अपना खाता खोलने के लिए तरस गई थी।

COMMENT