रक्षा मंत्रालय ने सीएसडी में बिकने वाले चीन समेत कई देशों के 422 उत्पादों पर लगाया प्रतिबंध

Views : 2934  |  3 minutes read
CSD-422-Products-Ban

कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (CSD) में अब चार सौ से ज्यादा विदेशी सामानों की ब्रिकी नहीं होगी। जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने सीएसडी में बिकने वाले चीन समेत कई देशों के 422 उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब ये उत्पाद कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट में नजर नहीं आएंगे। रक्षा मंत्रालय द्वारा सीएसडी में बिकने वाले उत्पादों से रोक लगाने से सबसे अधिक नुकसान चीन को होगा। प्रतिबंध लगाए गए उत्पादों में से 220 उत्पाद चीन से सीधे आयात किए जाते रहे हैं। वहीं, बाकी उत्पाद 16 अन्य देशों के जरिये आयत किए जाते हैं। चीन के अलावा इसमें वियतनाम दूसरे नंबर पर है, जहां से अब 42 उत्पादों का आयात नहीं किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय की प्रतिबंधित सूची में ये देश शामिल

रक्षा मंत्रालय ने जिन देशों के उत्पाद प्रतिबंधित किए गए हैं, उन देशों की सूची में अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, इटली के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका भी शामिल हैं। इन देशों से कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट के लिए वर्षों से कई वस्तुओं का आयात किया जाता था। आपको जानकारी के लिए बता दें कि देश में सीएसडी के करीब 45 लाख से अधिक लाभार्थी हैं, जो बाजार से कम कीमत पर कैंटीन स्टोर्स से सामान खरीदते हैं। इसका लाभ सैनिक, पूर्व सैनिक और सैनिकों के परिवारों को मिलता है।

Read More: राज्यसभा उपचुनाव में बिहार से निर्विरोध चुने गए सुशील कुमार मोदी

COMMENT