चार पाकिस्तानी समेत 22 यूट्यूब चैनल भारत में बैन, फैला रहे थे झूठी बातें

Views : 892  |  3 minutes read
YouTube-Channel-Banned

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को यूट्यूब चैनलों पर बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय मंत्रालय ने 22 यूट्यूब चैनलों को भारत में प्रतिबंधित किया है। इनमें पाकिस्तान के चार यूट्यूब न्यूज चैनल भी हैं। मंत्रालय का कहना है कि, इन चैनलों के माध्यम से भारत के बारे में गलत व झूठी सूचनाएं फैलाई जा रही थीं। मंत्रालय ने बताया कि, भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशों से रिश्ते व लोक आदेश के बारे में झूठी जानकारी दी जा रही थी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इसके अलावा चार ट्विटर अकाउंट, एक फेसबुक अकाउंट व एक न्यूज वेबसाइट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।

करोड़ों में थी चैनल की पहुंच, अबतक 78 बैन किए

जानकारी के अुनसार जिन चैनलों को ब्लॉक किया गया, उनकी कुल दर्शक संख्या 260 करोड़ से ज्यादा है। केंद्रीय मंत्रालय ने आईटी नियमों के तहत प्रदत्त आपात शक्तियों का प्रयोग कर इन्हें ब्लॉक किया है। पिछले साल दिसंबर से अब तक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय 78 यूट्यूब चैनलों और कई सोशल मीडिया अकाउंट को राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और देश की एकता के लिए खतरा मानते हुए बंद करने के आदेश जारी कर चुका है।

अहम विषयों पर परोसी जा रही थी झूठी खबरें

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि ब्लॉक किए गए यूट्यूब चैनलों पर धड़ल्ले से भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर आदि से जुड़ी झूठी खबरें परोसी जा रही थीं। इसमें समन्वित तरीके से पाकिस्तान से संचालित कई सोशल मीडिया खातों से भारत विरोधी सामग्री पोस्ट की जा रही थी। इसके अलावा यूक्रेन संकट से संबंधित ऐसी खबरें, जो भारत की विदेश नीति और छवि को प्रभावित करती हैं, प्रकाशित की जा रही थी।

Read Also: एंड्रॉयड 13 वर्जन के साथ एक ही फोन में इस्तेमाल कर सकेंगे तीन सिम कार्ड

COMMENT