उपचुनाव: कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक की दो लोकसभा सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

Views : 2528  |  3 minutes read
Congress-Candidates-For-Bypoll

कांग्रेस ने दो राज्यों की रिक्त हुई सीटों पर जल्द होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सतीश जाराकिहोली और आंध्र प्रदेश की तिरुपति लोकसभा सीट पर चिंता मोहन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन दोनों नेताओं की उम्मीदवारी को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। आंध्र प्रदेश और कर्नाटक की एक-एक पर हो रहे उपचुनाव में चिंता मोहन और सतीश जाराकिहोली बतौर प्रत्याशी कांग्रेस की ओर से मैदान में होंगे।

बेलगाम और तिरुपति सांसदों का हो गया था निधन

आपको जानकारी के लिए बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुरेश अंगड़ी के निधन के कारण कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीट खाली हो गई थी। पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण के कारण उनका निधन हो गया था। वहीं, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता बल्ली दुर्गा प्रसाद राव के निधन के कारण तिरुपति लोकसभा सीट रिक्त चली थी। उनका निधन भी पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण के कारण ही हुआ था। इस वजह से बेलगाम और तिरुपति लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इन दोनों लोकसभा सीटों पर 17 अप्रैल को उपचुनाव होगा।

भाजपा ने उपचुनाव के लिए इन्हें बनाया अपना उम्मीदवार

इससे पहले भाजपा ने भी इन दोनों सीटों लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की ऐलान कर दिया। कर्नाटक की बेलगाम और आंध्र प्रदेश की तिरुपति (एससी) लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने तिरुपति से के रत्न प्रभा और बेलगाम से मंगला सुरेश अंगड़ी को चुनावी मैदान में उतारा है। गुरुवार को देर शाम पार्टी संसदीय बोर्ड की मंजूरी के बाद इन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई।

Read More: बीजेपी ने छह राज्यों में उपचुनावों के लिए अपने 9 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की

COMMENT