बीजेपी ने छह राज्यों में उपचुनावों के लिए 9 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की

Views : 2653  |  3 minutes read
BJP-By-elections-List

बीजेपी ने छह राज्यों में विधानसभा की 9 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसके अलावा पार्टी ने कर्नाटक की बेलगाम और आंध्र प्रदेश की तिरुपति (एससी) लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने तिरुपति से के रत्न प्रभा और बेलगाम से मंगला सुरेश अंगड़ी को उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा है। बता दें कि छह राज्यों ओडिशा, मध्य प्रदेश, मिज़ोरम, राजस्थान, झारखंड और कर्नाटक में रिक्त चल रही 9 विधानसभा सीटों पर जल्द ही उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 2 सीटों पर लोकसभा उपचुनाव होने हैं। गुरुवार देर शाम पार्टी संसदीय बोर्ड की मंजूरी के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की गई।

विधानसभा उपचुनाव के लिए इन्हें बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने छह राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के लिए ओडिशा की पिपली विधानसभा सीट के लिए अशरित पट्टनायक, झारखंड की मधुपुर सीट के लिए गंगा नारायण सिंह, मध्यप्रदेश की दमोह सीट के लिए राहुल सिंह, मिज़ोरम की सरचिप (अजजा) सीट के लिए लालहरीटेंगा छंगटे और कर्नाटक की मस्की (अजजा) सीट के लिए प्रतापगौड़ा पाटिल व बसवकल्याण सीट के लिए शरानू सालागर को को मैदान में उतारा है।

राजस्थान में राजसमंद, सहाड़ा और सुजानगढ़ में होंगे उपचुनाव

राजस्थान में 3 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों के लिए भी भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम घोषित कर दिए हैं। बीजेपी ने राजसमंद से दीप्ति माहेश्वरी, सहाड़ा से डॉ. रतनलाल जाट और सुजानगढ़ सीट से खेमाराम मेघवाल को उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने राजसमंद से दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी दीप्ति माहेश्वरी को उम्मीदवार बनाया। दीप्ति के रूप में BJP ने नए चेहरे को मौका दिया है।

भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रतनलाल जाट को मैदान में उतारा है। वहीं, चुरू की सुजानगढ़ सीट से पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल को उम्मीदवार बनाया है, खेमाराम मेघवाल पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पहले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं।

Read: बीजेपी ने दिहाड़ी मजदूर की पत्नी चंदना बौरी को बंगाल की सल्तोरा सीट से दिया टिकट

COMMENT